• Thu. Apr 2nd, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

सदर विधायक ने किया विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारम्भ।

ByNeeraj sahu

Apr 2, 2026
दर विधायक ने किया विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारम्भ।*
 *विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 से 30 अप्रैल 2026 तक चलेगा तथा दस्तक अभियान 10 से 30 अप्रैल 2026 तक चलाया जायेगा*
 *सी०एम०ओ० कार्यालय में रैली को दिखायी गयी हरी झण्डी और आयोजित की गई गोष्ठी*
 *उत्तम प्रदेश- स्वस्थ प्रदेश की संकल्पना हो रही साकार — सदर विधायक*
 *जागरूकता से ही बचा जा सकता है संचारी रोगों से — सीएमओ*
वित्तीय वर्ष की शुरुआत में संचारी रोगों एवं मच्छरजनित बीमारियों से बचाव हेतु जनपद में चलाये जा रहे विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारम्भ कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी में किया गया। श्रीमान रवि शर्मा जी मा० विधायक सदर झांसी, डा० सुमन अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण झांसी मण्डल झांसी एवं डा० सुधाकर पाण्डेय मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी के द्वारा संयुक्त रूप से रैली को हरी झण्डी दिखाकर तथा गोष्ठी आयोजित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। उन्होंने सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में टी०बी० के मरीजों पर आशाओं के माध्यम से विशेष ध्यान देने हेतु घर-घर जाकर चिन्हित करते हुये समुचित इलाज कराये जाने पर जोर दिया। रैली में नगर निगम झांसी की कूड़ा उठाने वाली गाडियां, फॉगिंग वाहन, मलेरिया विभाग के कर्मचारी तथा आशाएँ स्लोगन तख्तियां लेकर सम्मिलित हुईं। वाहन रैली के पश्चात कार्यालय सभागार में जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। डा० सुधाकर पाण्डेय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी ने बताया कि दिनांक 01 अप्रैल से 30 अप्रैल, 2026 तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जायेगा एवं 10 अप्रैल से 30 अप्रैल, 2026 तक आशा द्वारा घर-घर जाकर दस्तक अभियान चलाया जायेगा। दस्तक अभियान में बुखार के रोगियों की सूची, आई०एल०आई० मरीजों की सूची, टी०बी० के संदिग्धों की सूची, कुष्ठ रोगियों की सूची तथा कुपोषित बच्चों की सूची फंट लाईन वर्कर्स आशा एवं आंगनवाडी कार्यकत्रियों द्वारा ई-कवच पोर्टल पर डिजिटली अपलोड की जायेगी। साथ ही हीट बेव अथवा लू से बचाव हेतु आशाओं द्वारा आवश्यकतानुसार घर-घर ओ०आर०एस० का पैकेट वितरित किया जायेगा।
सदर विधायक पं० रवि शर्मा ने अपने उ‌द्बोधन में बताया कि मा० मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन में उत्तम प्रदेश-स्वस्थ प्रदेश की संकल्पना साकार हो रही है। मुख्यमंत्री जी के प्रयासों से ही पूर्वोत्तर सहित पूरे प्रदेश में जे०ई०. दिमागी बुखार से होने वाली मौतों को रोका जा सका है। संचारी रोग नियंत्रण अभियान में भी सभी विभाग मिल-जुल कर काम करें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की उपलब्धियों पर आशाओं सहित सम्पूर्ण स्वास्थ्य विभाग की प्रशंसा की।
नोडल अधिकारी डा० उत्सव राज ने संचारी रोगों से बचाव हेतु समस्त संबंधित विभागों को सक्रिय रूप भागीदारी कर अभियान को सफल बनाये जाने हेतु बताया कि वर्ष 2021 में झांसी में डेंगू के 1124 केस पाये गये थे, जिसमें निरन्तर गिरावट दर्ज हो रही है एवं वर्तमान में अभी तक इस वर्ष 6 डेंगू केस पाये गये हैं। संचारी रोगों में निरन्तर गिरावट का मुख्य कारण विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के द्वारा 11 विभागों की सम्मिलित गतिविधियां है, जिसके अन्तर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई एवं झाड़ी कटाई का कार्य पंचायतीराज विभाग, नगर क्षेत्र में नगर निगम एवं नगर पालिका, नगर पंचायत, सूकर पालकों का संवेदीकरण का कार्य पशुपालन विभाग, चूहा छछूंदर आदि कृंतक से बचाव का कार्य कृषि विभाग, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता का कार्य जल संस्थान द्वारा, अति कुपोषित बच्चों के चिन्हीकरण का कार्य आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा, स्कूली बच्चों के माध्यम से जागरूकता रैली का कार्य शिक्षा विभाग द्वारा किया जायेगा तथा अभियान की गतिविधियों का प्रचार-प्रसार सूचना विभाग द्वारा किया जाना है। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम प्रधान कार्यक्रम के नोडल होंगे, जो सभी गतिविधियों को संचालित करेंगे। मलेरिया विभाग के कर्मचारियों द्वारा मच्छरों का घनत्व निकाला जायेगा तथा मच्छरों के सामान्य से अधिक प्रजनन क्षेत्रों की सूची साझा कर अन्तर्विभागीय सहयोग से मच्छर नियंत्रण गतिविधियां सम्पादित करने हेतु नगर विकास, ग्रामीण विकास, पंचायती राज इत्यादि को उपलब्ध कराते हुए समुचित वेक्टर नियंत्रण कार्य किये जायेंगे। डॉ विजयश्री शुक्ला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी द्वारा स्वास्थ्य विभाग की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कार्यक्रम का संचालन किया गया।
इस अवसर पर एसीएमओ डॉ एन के जैन, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ यू एन सिंह, डीएलओ डॉ के एन एम त्रिपाठी, डीएसओ डाॅ रमाकान्त स्वर्णकार, डॉ सतीश चन्द्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी, प्रतिनिधि जिला पंचायत राज अधिकारी, डॉ अनुराधा राजपूत इपिडेमियोलॉजिस्ट, श्री जयप्रकाश एस.एम.आई, मलेरिया निरीक्षक श्री ज्ञानेन्द्र गौतम, रविन्द्र कुमार, कार्तिक आर्य, श्री गौरव चतुर्वेदी, श्री अमर सिंह, नगरीय क्षेत्र की आशाओं, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि सहित कार्यालय के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
Jhansidarshan.in