• Sun. Jan 25th, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

भारतीय रेल में पॉइंट्समैन के रूप में पूर्व सैनिकों की तैनाती हेतु एमओयू करने वाला पहला रेल मंडल बना झाँसी

ByNeeraj sahu

Jan 10, 2026

भारतीय रेल में पॉइंट्समैन के रूप में पूर्व सैनिकों की तैनाती हेतु एमओयू करने वाला पहला रेल मंडल बना झाँसी

उत्तर प्रदेश के रेल मंडलों में ट्रैफिक गेटमैन के रूप में पूर्व सैनिकों की नियुक्ति हेतु पहला एमओयू, भारतीय रेल का दूसरा

झाँसी रेल मंडल एवं आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट ऑर्गनाइजेशन के बीच एमओयू संपन्न

पूर्व सैनिकों की सहभागिता से रेल संरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल

मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में झाँसी रेल मंडल, उत्तर मध्य रेलवे एवं आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट ऑर्गनाइजेशन (AWPO) के मध्य आज दिनांक 09.01.2026 को एक महत्वपूर्ण अनुबंध (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस एमओयू के अंतर्गत झाँसी रेल मंडल के विभिन्न स्थानों पर पूर्व सैनिकों को ट्रैफिक गेटमैन एवं पॉइंट्समैन के रूप में नियोजित किया जाएगा। इस व्यवस्था के अंतर्गत तैनाती झाँसी रेल मंडल के अधिकार क्षेत्र में की जाएगी।

इस एमओयू के माध्यम से कुल 195 ट्रैफिक गेटमैन एवं 175 पॉइंट्समैन के पदों पर पूर्व सैनिकों की प्रस्तावित तैनाती की जाएगी। यह भारतीय रेल में पूर्व सैनिकों को पॉइंट्समैन के रूप में नियोजित करने हेतु किया गया पहला एमओयू है। इसके साथ ही यह भारतीय रेल का दूसरा तथा उत्तर प्रदेश के विभिन्न रेल मंडलों में ट्रैफिक गेटमैन के रूप में पूर्व सैनिकों की नियुक्ति हेतु पहला एमओयू है।

समझौता ज्ञापन पर झाँसी रेल मंडल की ओर से वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री राजेश कुमार शर्मा एवं वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री जे. संजय कुमार ने हस्ताक्षर किए, जबकि आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट ऑर्गनाइजेशन की ओर से कर्नल अनुराग कुमार (सेवानिवृत्त) ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस एमओयू के अंतर्गत भौतिक तैनाती आगामी 15 दिनों के भीतर प्रारंभ की जाएगी।

यह समझौता दोनों संगठनों के बीच दीर्घकालिक एवं फलदायी सहयोग की शुरुआत का प्रतीक है तथा इससे रेल परिचालन की संरक्षा में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है। पूर्व सैनिकों का अनुशासन, अनुभव एवं कर्तव्यनिष्ठा रेल संरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होगी।

                                            ग्वालियर लॉबी में संरक्षा संवाद का आयोजन
मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के निर्देशन में दिनांक 08.01.2026 को ग्वालियर लॉबी में सहायक मंडल विद्युत इंजीनियर, ग्वालियर की गरिमामयी उपस्थिति में एक संरक्षा संवाद (Safety Counselling) का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य क्रू नियंत्रक एवं रनिंग रूम इंचार्ज, ग्वालियर सहित CLI – 04, TI(N) – 01, लोको पायलट – 08 तथा सहायक लोको पायलट – 11 उपस्थित रहे।
संरक्षा संवाद के दौरान रेल संचालन में संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निम्नलिखित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई—
1) रेड नोटिस संख्या 01, 02, 03, 04, 05 एवं 06 (वर्ष 2025–26) के संदर्भ में SPAD (Signal Passed At Danger) की घटनाओं की समीक्षा की गई तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु आवश्यक सावधानियों एवं निवारक उपायों की जानकारी दी गई।
2) दिनांक 31.10.2025 को जयपुर मंडल के खातीपुरा स्टेशन पर ट्रेन संख्या 12899 के क्रू द्वारा होम सिग्नल को लाल में पार करने की घटना के बारे में अवगत कराया गया।
3) फॉग (कोहरे) के दौरान संरक्षित गाड़ी संचालन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देशों पर चर्चा की गई।
4) बड़े एवं छोटे यार्डों में गाड़ी प्रारंभ करते समय तथा गाड़ी खड़ी करते समय बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की जानकारी क्रू को दी गई।
5) Quality Rest एवं Effective Call Out के महत्व पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया।
6) सहायक मंडल विद्युत द्वारा SPAD से बचाव तथा फॉग के समय संरक्षित गाड़ी संचालन पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।
7) TI(N), ग्वालियर द्वारा मॉडिफाइड सिस्टम के संबंध में जानकारी साझा की गई।
8) ऑटोमैटिक सिग्नलिंग सिस्टम में गाड़ी संचालन की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई।
9) शंटिंग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियां, लोको/लोड को स्टेबल/स्टेबल्ड लोड को क्लियर करते समय जारी निर्देशों की जानकारी दी गई।
संरक्षा संवाद के माध्यम से उपस्थित सभी लोको पायलटों एवं सहायक लोको पायलटों को संरक्षा नियमों के प्रति और अधिक सजग एवं सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि रेल परिचालन को सुरक्षित, सुचारु एवं दुर्घटनारहित बनाया जा सके।

साहित्यकार वृंदावन लाल वर्मा की जयंती श्रद्धा के साथ मनाई गई

प्रख्यात साहित्यकार एवं इतिहासकार वृंदावन लाल वर्मा की जयंती के अवसर पर वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन परिसर में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में उनके साहित्यिक एवं राष्ट्रीय योगदान को स्मरण किया गया।

मुख्य अतिथि अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी सह अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) श्री नंदीश शुक्ल ने कहा कि वृंदावन लाल वर्मा ने अपने साहित्य के माध्यम से भारतीय इतिहास और राष्ट्र चेतना को जन-जन तक पहुँचाया। उनके ऐतिहासिक उपन्यास आज भी युवाओं को प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम में स्टेशन निदेशक सुश्री सीमा तिवारी,राजभाषा अधिकारी सह जन संपर्क अधिकारी श्री मनोज कुमार सिंह  सहित रेलवे के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और सभी ने उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।

NCRMU के साथ 73वीं स्थाई वार्ता तन्त्र (PNM मीटिंग) का आयोजनझाँसी मंडल कार्यालय में दिनांक 08.01.2026 एवं 09.01.2026 को मंडल रेल प्रबंधक सभाकक्ष में मंडल की मान्यता प्राप्त यूनियन NCRMU के साथ स्थायी वार्ता तंत्र (PNM) की 73वीं बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक के प्रारंभ में स्थायी वार्ता तंत्र के सचिव एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री राजेश कुमार शर्मा द्वारा मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा.) श्री पी.पी. शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक(परिचालन) श्री नन्दीश शुक्ल ,उपस्थित समस्त शाखाधिकारियों तथा NCRMU के सभी पदाधिकारियों का स्वागत किया गया एवं बैठक के उद्देश्य से सभी को अवगत कराया गया।
बैठक के प्रथम दिन मंडल रेल प्रबंधक के साथ आयोजित विशेष सत्र के दौरान उपस्थित यूनियन प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक महोदय श्री अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि औद्योगिक संबंधों को सुदृढ़ बनाने की दिशा में NCRMU का रेलवे प्रशासन को निरंतर सहयोग प्राप्त हो रहा है तथा दोनों के मध्य सकारात्मक सहभागिता बनी हुई है। उन्होंने NCRMU के इस सहयोग की सराहना करते हुए आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इसी प्रकार का सक्रिय एवं रचनात्मक सहयोग प्राप्त होता रहेगा।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक महोदय ने विगत एक वर्ष के दौरान झाँसी मंडल की प्रमुख उपलब्धियों से सभी को अवगत कराया। इनमें मंडल में किए गए वृहद इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स, प्लेटफॉर्म संख्या 3 पर किए गए BLT कार्य, डबल लाइन परियोजना, विभिन्न विभागों द्वारा संपादित महत्वपूर्ण कार्य, समूह ‘घ’ कर्मचारियों हेतु विश्राम गृह का नवीनीकरण, विगत छह माह में रिकॉर्ड 1806 पदोन्नतियाँ, सहित अन्य उल्लेखनीय कार्य शामिल रहे।
इसके उपरांत NCRMU के मंडल अध्यक्ष श्री भावेश प्रसाद सिंह एवं सचिव श्री अमर सिंह यादव ने बैठक के आयोजन हेतु मंडल रेल प्रबंधक महोदय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान की प्रगति उसके प्रबंधन एवं कर्मचारियों के मध्य बेहतर औद्योगिक संबंधों पर निर्भर करती है तथा सौहार्दपूर्ण संबंधों के परिणामस्वरूप ही संगठन निरंतर प्रगति करता है। उन्होंने झाँसी मंडल के अधिकारियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि कर्मचारियों से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु अधिकारियों द्वारा सदैव हर संभव प्रयास किए जाते हैं।
बैठक के दौरान यूनियन पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न विषयों, जिनमें रेलवे आवासों की मरम्मत, साफ-सफाई, भत्तों से संबंधित मुद्दे तथा कर्मचारियों से जुड़ी जमीनी समस्याएँ शामिल थीं, पर विस्तृत एवं सघन चर्चा की गई। बैठक में प्रस्तुत मदों में से अधिकतम मद निस्तारित कर दिये गये तथा शेष मदों पर शीघ्र नियमानुसार कार्यवाही करने हेतु अपर मण्डल रेल प्रबन्धक इन्फ्रा महोदय द्वारा शाखाधिकारियों को निर्देशित किया गया।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक/इन्फ्रा. श्री प्रेम प्रकाश शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक/परिचालन श्री नन्दीश शुक्ल, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री राजेश कुमार शर्मा सहित झाँसी मंडल के समस्त शाखाधिकारी एवं यूनियन के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें मंडल में औद्योगिक संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने तथा कर्मचारी हितों से संबंधित विषयों पर सकारात्मक विमर्श किया गया।

         झांसी मंडल: ‘रेल वन’ सुपर ऐप के प्रचार हेतु  रेलवे कर्मचारियों के लिए विशेष प्रोत्साहन योजना की शुरुआत

मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा के नेतृत्व में, झांसी मंडल द्वारा रेल यात्रियों के डिजिटल अनुभव को सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। माघ मेले के पावन अवसर पर, यात्रियों को ‘रेल वन’ (RailOne) सुपर ऐप से जोड़ने के लिए रेल कर्मचारियों हेतु एक विशेष प्रोत्साहन योजना की घोषणा की गई है

रेल वन’ (RailOne) ऐप यात्रियों के लिए एक वन-स्टॉप सुपर ऐप है, जो एक ही प्लेटफॉर्म पर टिकट बुकिंग, यात्रा से संबंधित समस्त विवरण तथा विभिन्न रेल सेवाओं तक त्वरित और सहज पहुँच प्रदान करता है। इस ऐप को अधिक से अधिक जन-मानस तक पहुँचाने के उद्देश्य से रेल कर्मचारी एक सेतु की भूमिका निभाते हुए यात्रियों को इसके उपयोग के प्रति जागरूक करेंगे, जिससे डिजिटल रेल सेवाओं का लाभ आम जनता तक प्रभावी रूप से पहुँच सके।

‘रेल वन’ (RailOne)

यह ऐप रेल यात्रियों के लिए ‘वन-स्टॉप सॉल्यूशन’ है, जिसमें निम्नलिखित सुविधाएँ शामिल हैं:
एकीकृत सेवा: एक ही ऐप पर टिकट बुकिंग, पीएनआर स्टेटस और कोच की स्थिति की जानकारी।
स्मार्ट ट्रैवल: यात्रा सेवाओं तक आसान पहुँच और रीयल-टाइम अपडेट्स।
सुगम इंटरफेस: एंड्रॉइड और आईओएस (iOS) पर उपलब्ध एक तेज और सरल यूजर अनुभव।

कर्मचारियों के लिए प्रोत्साहन योजना (केवल रेलकर्मियों हेतु):

इस अभियान के तहत सराहनीय कार्य करने वाले रेल कर्मचारियों को निम्नलिखित श्रेणियों में पुरस्कृत किया जाएगा:
₹500 का पुरस्कार: 100 या उससे अधिक लोगों को ऐप डाउनलोड कराने पर।
₹1000 का पुरस्कार: 250 या उससे अधिक लोगों को ऐप डाउनलोड कराने पर।
यह योजना 12 जनवरी से 21 जनवरी, 2026 तक संचालित की जाएगी। मंडल प्रशासन का लक्ष्य इस अभियान के माध्यम से यात्रियों को ‘स्मार्ट यात्रा’ के प्रति जागरूक करना और रेल सेवाओं को और अधिक पारदर्शी बनाना है।

कर्मचारियों को उनके द्वारा कराए गए डाउनलोड की सूची वाणिज्य विभाग के वाणिज्य निरीक्षक (कोचिंग), श्री दीपक शर्मा के पास जमा करनी होगी।

Jhansidarshan.in