भेल झाँसी में ‘जागरूक नागरिक, सशक्त राष्ट्र’ अभियान का शुभारंभ
———————-
झाँसी : भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) ने आज नागरिक कर्तव्यों (Civil Duties) के महत्व पर कर्मचारियों और स्थानीय समुदाय को जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान ‘जागरूक नागरिक, सशक्त राष्ट्र’ का शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती कमलेश कच्छल जी के मार्गदर्शन एवं माननीय अपर जिला जज/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्री शरद कुमार चौधरी जी के कुशल निर्देशन में सम्पन्न हुआ।
अपर जिला जज महोदय ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि यह अभियान संविधान में निहित मौलिक कर्तव्यों (Fundamental Duties) के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर केंद्रित है, जैसे कि राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान करना, पर्यावरण की रक्षा करना और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा करना। इस पहल का लक्ष्य प्रत्येक कर्मचारी को एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करना है। जिसका उद्देश्य BHEL परिवार में नागरिक जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करना है।
BHEL, झाँसी के इकाई प्रमुख श्री रिजवान फैसल सिद्दीकी ने कहा कि “एक उद्योग के रूप में, हम केवल आर्थिक विकास में ही नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता में भी अपनी भूमिका समझते हैं। यह अभियान हमारे कर्मचारियों को उनके नागरिक दायित्वों की याद दिलाएगा, जो एक सशक्त राष्ट्र के लिए नींव का पत्थर है।
“कार्यक्रम का संचालन डॉ0 मोहम्मद आफताब आलम, कल्याण अधिकारी ने किया। कार्यक्रम में श्री पी0ए0 वैद्य, मानव संसाधन प्रमुख, आदिल जाफरी, वरिष्ठ सहायक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भेल के अधिकारी, कर्मचारीगण उपस्थित रहे। अन्त में इकाई प्रमुख श्री रिजवान फैसल सिद्दीकी ने आभार व्यक्त किया ।