• Mon. Oct 20th, 2025

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वाबलम्बन एवं सशक्तिकरण हेतु प्रदेश सरकार पूर्ण रूप से तत्पर : सदस्य राज्य महिला आयोग, उत्तर प्रदेश

ByNeeraj sahu

Aug 6, 2025
बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वाबलम्बन एवं सशक्तिकरण हेतु प्रदेश सरकार पूर्ण रूप से तत्पर : सदस्य राज्य महिला आयोग, उत्तर प्रदेश*
*महिलाएं अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से शिक्षा ग्रहण कराएं, जिससे वह जीवन में आने वाली प्रत्येक चुनौती का सामना कर सकें*
*विभागीय अधिकारी महिला लाभार्थियों के साथ विकासखंड स्तर पर संवाद कार्यक्रम आयोजित कराएं*
*आंगनबाड़ी केन्द्रों पर पंजीकृत गर्भवती महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं को पोषाहार एवं आवश्यक परामर्श प्रदान करें*
*मंगल दल की युवतियों को खेल किट मुहैया कराएं, जिससे वह खेल क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें*
*मा0 सदस्य, राज्य महिला आयोग ने सुनी महिला उत्पीड़न की समस्यायें*
—————–
      झांसी: आज मा0 सदस्य, राज्य महिला आयोग, उ0प्र0 श्रीमती अनुपमा सिंह लोधी की अध्यक्षता में “महिला जनसुनवाई कार्यक्रम” विकास भवन सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सर्वप्रथम नगर मजिस्ट्रेट द्वारा मा0 सदस्य, राज्य महिला आयोग का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया।
          जनसुनवाई कार्यक्रम में मा0 सदस्य, राज्य महिला आयोग, उ0प्र0 श्रीमती अनुपमा सिंह लोधी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिये कि महिलाआओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वाबलम्बन एवं सशक्तिकरण हेतु प्रदेश सरकार पूर्ण रूप से तत्पर है, इस हेतु समस्त विभागीय अधिकारी अपने विभाग में संचालित सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्र महिलाओं को लाभान्वित करायें, जिससे महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में और अधिक तीव्रता के साथ वृद्धि हो सके। उन्होने प्रत्येक महिला फरियादी से अपील करते हुए कहा कि वह अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से शिक्षा ग्रहण कराएं, जिससे वह जीवन में आने वाली प्रत्येक चुनौती का सामना कर सकें।
        मा0 सदस्य, राज्य महिला आयोग ने श्रम विभाग की समीक्षा में निर्देश दिये कि श्रम विभाग के तहत पत्र महिला श्रमिकों का पंजीकरण कराते हुए अधिक से अधिक महिला श्रमिकों को विभागीय योजनाओं से लाभान्वित कराएं, साथ ही महिला श्रमिकों के साथ विकासखंड स्तर पर संवाद कार्यक्रम भी आयोजित कराएं, जिससे समूह की महिलाओं के अनुभवों, विचारों एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त हो सके। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की समीक्षा में उन्होने निर्देश दिये कि आंगनबाड़ी केन्द्रों पर पंजीकृत गर्भवती महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं को नियमित रुप से पोषाहार एवं आवश्यक परामर्श मुहैया करायें, जिससे उन्हें स्वास्थ्य सम्बन्धी समस्या का सामना न करना पड़े।
        युवा कल्याण विभाग की समीक्षा में उन्होंने उपस्थित अधिकारी को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्र में तैनात मंगल दल की युवतियों को खेल किट मुहैया कराएं, वह खेल क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। पूर्ति विभाग की समीक्षा में निर्देश दिए गए की राशन वितरण प्रणाली के अंतर्गत महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण के अनुसार राशन की दुकानों का आवंटन करें।
        स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में उन्होने निर्देश दिये कि मातृ शिशु सुरक्षा योजना सहित स्वास्थ्य विभाग में महिला एवं शिशु लाभार्थीपरक योजनाओं से अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित कराएं।
          जनसुनवाई कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री सुरेन्द्र कुमार पटेल ने बताया कि उ0प्र0 राज्य महिला आयोग के निर्देशानुसार जनपद झांसी में महिला उत्पीड़न की रोकथाम एवं पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाये जाने तथा आवेदक/आवेदिकाओं की सुगमता के दृष्टिगत आज यह महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
        आज के जनसुनवाई कार्यक्रम में कुल 06 प्रकरण पुलिस विभाग के प्राप्त हुये जिसमें माननीय सदस्य द्वारा पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिकायत की जांच करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।
        जनसुनवाई कार्यक्रम के उपरांत माननीय सदस्य द्वारा जिला कारागार का निरीक्षण किया गया यहां पर उन्होंने महिला बंदियों से उनका हाल-चाल जाना, साथ ही जेल अधीक्षक को निर्देशित करते हुए कहा कि महिला बंदियों को सौंदर्य प्रसाधन सहित अन्य विधाओं से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान कराएं, जिससे उनकी कौशलात्मक प्रगति हो सके। इस अवसर पर उन्होंने वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत जिला कारागार में सिंदूर के पौधे का रोपण भी किया।
        कार्यक्रम में नगर मजिस्ट्रेट श्री प्रमोद कुमार, डिप्टी एस0पी0 दीपशिखा सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री सुरेन्द्र कुमार पटेल, जिला विद्यालय निरीक्षक श्रीमती रती वर्मा, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 रमाकांत सोनकर, सहायक श्रम आयुक्त दीपिका वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री विपिन कुमार, बी0ओ0 पी0आर0डी0 श्री सुरेश कुमार, अपर जिला सूचना अधिकारी श्री सुरेन्द्र पाल सिंह सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
Jhansidarshan.in