यात्रियों की सुविधा हेतु बुंदेलखंड एक्सप्रेस आंशिक रूप से वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी-ग्वालियर के मध्य रद्द होने पर रेलवे द्वारा त्वरित उठाये गए सकारात्मक कदम*
आज, दिनांक: 03.01.25 को गाडी संख्या 11108 बुंदेलखंड एक्सप्रेस (यात्रा आरम्भ तिथि 02.01.2025) को झांसी और ग्वालियर के बीच अपरिहार्य परिचालनिक कारणों से रद्द करना पड़ा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को होने वाली असुविधा को ध्यान में रखते हुए त्वरित और प्रभावी कदम उठाए, जिससे यात्रियों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़ा।
इस संदर्भ में निम्नलिखित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं:
1. बसों की व्यवस्था:
रेलवे प्रशासन ने प्रदेश परिवहन के साथ समन्वय स्थापित कर यह सुनिश्चित किया कि यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए 12 रोडवेज बसों की तत्काल (सशुल्क) व्यवस्था की गई। यह कदम यात्रियों को अन्य परिवहन साधन ढूंढने की समस्या से बचाने हेतु उठाया गया।
2. किराया वापसी की व्यवस्था:
रद्द किए गए यात्रा मार्ग का किराया वापस करने की पूर्ण व्यवस्था वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन सहित गंतव्य तक के सभी स्टेशनों पर सुनिश्चित की गई है, जिसके लिए सभी को जागरूक भी किया गया ।
3. यात्रियों को जागरूक करने के प्रयास:
यात्रियों को स्थिति की जानकारी और सहायता प्रदान करने हेतु वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में एक विशेष टीम को स्टेशन पर तैनात किया गया, जिसमें सहायक वाणिज्य प्रबंधक पंकज कुमार त्रिपाठी और अनिल कुमार श्रीवास्तव शामिल रहे I
4. वरिष्ठ अधिकारियों की तत्परता:
इस प्रक्रिया में मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में अपर मंडल रेल प्रबंधक रामदास मौर्य, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, मंडल सुरक्षा आयुक्त विवेकानंद नारायण, और वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक जे संजय कुमार जैसे अनुभवी अधिकारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और 350 से अधिक यात्रियों को न्यूनतम असहजता के साथ उनके गंतव्य तक पहुचाना सुनिश्चित किया I