ललितपुर रेलवे स्टेशन पर चलाया गया टिकट जांच अभियान, अनाधिकृत यात्रियों में हड़कंप
ललितपुर रेलवे स्टेशन पर आज, दिनांक 14.12.2024 को, बिना टिकट यात्रा और अनियमित गतिविधियों पर रोकथाम के लिए वृहद स्तर पर टिकट जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक झांसी, दीपक कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के निर्देशन में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान ट्रेनों और स्टेशन पर अनधिकृत रूप से यात्रा कर रहे, गंदगी फैलाने वाले, और धूम्रपान करने वाले कुल 119 यात्रियों को पकड़ा गया। इनसे कुल ₹ 75790 का रेलवे राजस्व और जुर्माना वसूला गया।
जांच अभियान से ट्रेनों और स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्री इधर-उधर छिपते नजर आए। इस अभियान में मुख्य टिकट निरीक्षकों श्री मनोहर लाल मीना, संजय सोनकर, अभिजीत शुक्ला, आसिफ अली, जमशेर खान, जितेंद्र वर्मा, ज्योतिका साहू, कविता अग्रवाल, एम ए सिद्दीकी और महेंद्र सिंह पटेल ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा का वक्तव्य:
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जांच अभियान निरंतर जारी रहेंगे। यात्रियों से अनुरोध है कि वे रेलवे के नियमों का पालन करें। उचित यात्रा टिकट लेकर यात्रा करें, निर्धारित सीमा से अधिक सामान को बुक कराएं, और रेल परिसर में गंदगी न फैलाएं या धूम्रपान न करें।
रेल प्रशासन यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है और इस दिशा में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।