कोंच में देर रात तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा,पुलिस ने दौड़ाया, फुर्र हुए उपद्रवी
मामला प्रभंजन ज्वैलर्स पर ग्राहक के साथ हुई धोखाधड़ी का
कोंच/जालौन :- ग्राहक द्वारा कोंच के प्रतिष्ठित ज्वैलरी विक्रेता पर धोखाधड़ी के आरोप के बाद देर रात प्रभंजन ज्वैलर्स पर अग्रवाल और सोनी समाज के लोगों में विवाद हो गया, देखते देखते बात हाथापाई तक पहुंच गई। सूचना पर सीओ कोंच अर्चना सिंह और कोतवाल अरुण कुमार राय पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन दोनों पक्ष पुलिस के सामने ही लड़ने पर आमादा हो गए, जिस पर पुलिस ने सभी को खदेड़ा और मौके पर स्थिति सामान्य की लेकिन एक पक्ष के लोग कोतवाली पहुंच गए और कार्यवाही की मांग करने लगे तभी सीओ कोंच अर्चना सिंह ओर कोतवाल वापस कोतवाली पहुंचे तो भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ में मौजूद कुछ लोग उग्र हुए तो पुलिस ने लाठी से सभी को खदेड़ दिया और तीन व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया लेकिन देर रात हिरासत में लिए लोगों को पुलिस ने छोड़ दिया | मंगलवार की सुबह प्रभंजन ज्वैलर्स के प्रभंजन अग्रवाल ने वैश्य समाज के दर्जनों लोगों के साथ जाकर कोंच कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्यवाही की मांग की है।
विदित हो कि सोमवार को एक ग्राहक ने नगर के प्रतिष्ठित ज्वैलरी विक्रेता प्रभंजन ज्वैलर्स पर धोखाधड़ी का आरोप लगाकर कोंच कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र दिया था। जिसमें आरोप लगाने वाले ग्राहक के साथ सोनी समाज के ज्वैलरी विक्रेताओं ने विरोध जताकर कोतवाली पुलिस से कार्यवाही की मांग की थी, लेकिन शाम तक प्रभंजन ज्वैलर्स का ग्राहक के साथ समझौता चल रहा था। तभी सोनी समाज के एक व्यक्ति का प्रभंजन ज्वैलर्स के प्रतिष्ठान के बाहर किसी व्यक्ति से झगड़ा हो गया और देखते देखते सोनी समाज के भी दर्जनों लोग मौके पर आ गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया और थोड़ी ही देर में दोनों पक्षों में गली गलौज होने लगी और नौबत हाथापाई तक पहुंचने ही वाली थी कि तभी सीओ कोंच अर्चना सिंह और कोतवाल अरुण कुमार राय ने मौके पर पहुंचकर लाठियां पटककर भीड़ को तीतर वितर कर मौके पर शांति व्यवस्था कायम की। तभी दूसरा पक्ष कोतवाली पहुंच कार्यवाही की मांग करने लगा। वापस कोतवाली पहुंचे सीओ ओर कोतवाल ने लोगो के हुजूम को देख फिर से लाठियां पटकी और भीड़ को चलता कर दिया। इस दौरान तीन लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था,लेकिन देर रात उन्हें भी पुलिस ने छोड़ दिया।