दीपावली, छठ पूजा की जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दी जनपद वासियों को शुभकामनाएं
** आगामी पर्व और त्यौहार शांति और सौहार्द के बीच सम्पन्न कराए जाने हेतु पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को दिए निर्देश
** स्मार्ट सिटी कन्ट्रोल रूम से संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात पुलिस अधिकारी एवं आरक्षियों पर रखी जाएगी नजर:- जिलाधिकारी
** नगर की जरूरत के अनुसार ट्रैफिक प्लान तैयार करें, यह सुनिश्चित किया जाए कि बाजार आने वाले लोगों को अत्यधिक ट्रैफिक की वजह से असुविधा न हो
** पटाखों के अवैध भंडारण की दें जानकारी, पटाखों के क्रय-विक्रय हेतु लाइसेंस एवं फायर टेंडर के पर्याप्त इन्तजाम किए जाने के निर्देश
** दीपावली पर्व के दृष्टिगत दो-तीन दिन पूर्व एवं बाद तक सीएचसी/पीएचसी में चिकित्सकों की उपलब्धता की जाए सुनिश्चित, इमरजेंसी 24×7 होगी संचालित
** किसी भी अप्रिय घटना की सूचना पर बिना विलम्ब किए वरिष्ठ अधिकारी खुद मौके पर पहुंचे, संवेदनशील प्रकरणों में वरिष्ठ अधिकारी लीड करें
** नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में हर दिन सायंकाल पुलिस बल फुट पेट्रोलिंग जरूर करें, पी0आर0वी0 112 एक्टिव रहे
** त्यौहारों के दौरान बिजली आपूर्ति सुचारु रखी जाए, पर्व व त्योहारों के दृष्टिगत खाद्य पदार्थों की जांच की कार्रवाई तेज की जाए
** छठ पूजा के दृष्टिगत पहुँज नदी के अनसुईया घाट कि साफ-सफाई किए जाने के निर्देश
जिलाधिकारी अविनाश कुमार एंव वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुधा सिंह ने संयुक्त रूप से विकास भवन सभागार में पीस कमेटी की बैठक मैं प्रतिभाग करते हुए कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था, सतत संवाद से जनपद में सभी पर्व व त्यौहार शांति और सौहार्द पूर्ण माहौल में सम्पन्न हो रहे हैं। रक्षाबंधन, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, दुर्गा पूजा, दशहरा और श्रावणी मेले सहित ईद, बक़रीद, बरावफ़ात, मुहर्रम आदि पर्वों पर जनपद में सुखद माहौल रहा। उन्होंने कहा कि बेहतर टीमवर्क और जनसहयोग का यह क्रम सतत जारी रखा जाए।आगामी पर्व और त्यौहार शांति और सौहार्द के बीच सम्पन्न हों, इसके लिए सभी जरूरी प्रयास किए जाएं। माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों के साथ पूरी कठोरता बरती जाने के निर्देश।
जिलाधिकारी अविनाश कुमार आगामी दीपावली एवं छठ पूजा पर्व के सुचारु आयोजन और आम जन को बेहतर यातायात व्यवस्था एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की सुलभ उपलब्धता आदि महत्वपूर्ण विषयों के सम्बन्ध में पुलिस/जिला प्रशासन के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि आने वाले दिनों में दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाई-दूज, देवोत्थान एकादशी, अयोध्या दीपोत्सव, वाराणसी देव दीपावली और छठ महापर्व जैसे विशेष त्यौहार हैं। इस बार त्यौहारों में लोगों में अधिक उल्लास है। कानून-व्यवस्था के दृष्टिगत इस संवेदनशील समय में पूरी सतर्कता और सावधानी बरती जाए। उन्होंने कहा की स्मार्ट सिटी के कण्ट्रोल रूम से संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात पुलिस अधिकारी एवं आरक्षियों पर सतत दृष्टि रखी जाएगी,तैनाती स्थल से नदारद पाए जाने पर होगी कार्यवाही।
त्यौहारों के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने पूर्व में दिए गए निर्देशों का अनुपालन पालन न करने पर नाराजगी व्यक्त की और निर्देश दिए कि नगर की जरूरत के अनुसार ट्रैफिक प्लान तैयार कर लें और यह सुनिश्चित किया जाए कि बाजार आने वाले लोगों को अत्यधिक ट्रैफिक की वजह से असुविधा न हो। उन्होंने सड़क किनारे स्थायी रूप से बिक्री कर रहे दुकानदारों पर कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। हर दिन सायंकाल व्यस्ततम बाजारों तथा आवासीय कॉलोनियों में पुलिस बल फुट पेट्रोलिंग जरूर करें साथ ही पी0आर0वी0 112 एक्टिव रहे। पर्व और त्योहारों के इस उल्लासपूर्ण माहौल में लोगों के आवागमन में बढ़ोत्तरी स्वाभाविक है। बड़ी संख्या में लोग अपने घर जाते हैं। ऐसे में परिवहन विभाग द्वारा ग्रामीण रूट पर बसों की संख्या बढ़ाई जाए। खराब हालत वाली बसों को सड़क पर कतई न चलने दें।
शांतिपूर्ण त्यौहारों के आयोजन के दृष्टिगत जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि दीपावली के लिए पटाखों की दुकानों व गोदामों को आबादी से दूर होना सुनिश्चित कराए जाने व पटाखों की बिक्री हेतु जारी लाइसेंस को दुकान पर डिस्प्ले किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां पटाखों का क्रय-विक्रय हो, वहां फायर टेंडर के पर्याप्त इन्तजाम किए जाएं, मुख्य शमन अधिकारी को अलर्ट पर रहने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी होने पर तत्काल कार्रवाई शुरू करने ताकि दुर्घटना पर जल्द काबू पाया जा सके। पटाखे बिक्री के दौरान पुलिस बल की सक्रियता भी बनी रहे। पटाखों की दुकान खुले स्थान पर हो। पर्यावरण और स्वास्थ्य की दृष्टि से अति संवेदनशील पटाखों के क्रय-विक्रय को हतोत्साहित किया जाए। अधिक आवाज अथवा सीरीज वाले पटाखों का प्रयोग ना करने का सुझाव ग्रीन पटाखों के प्रयोग पर दिया बल।
जिलाधिकारी ने कहा कि छोटी सी घटना लापरवाही के कारण बड़े विवाद का रूप ले सकती है। त्वरित कार्यवाही और संवाद-सम्पर्क अप्रिय घटनाओं को संभालने में सहायक होती है। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना पर बिना विलम्ब किए, वरिष्ठ अधिकारी खुद मौके पर पहुंचे। संवेदनशील प्रकरणों में वरिष्ठ अधिकारी लीड करें। उन्होंने कहा कि थाना, सर्किल, जिला स्तर पर तैनात वरिष्ठ अधिकारीगण अपने-अपने क्षेत्र में समाज के प्रतिष्ठित जनों के साथ संवाद बनाएं। लोगों के लिए सकारात्मक संदेश जारी कराएं। मीडिया का सहयोग लें, ताकि शांति और सौहार्द का माहौल बना रहे। पर्व और त्यौहार खुशियों का अवसर होते हैं। हर व्यक्ति उल्लास, उमंग और आह्लाद में होता है। ऐसे में शरारती तत्व दूसरे सम्प्रदाय के लोगों को अनावश्यक उत्तेजित करने की कुत्सित कोशिश कर सकते हैं। इसके दृष्टिगत पुलिस प्रशासन पूरी सावधानी व सतर्कता बरतें।
जिलाधिकारी ने कहा कि पर्व और त्योहारों के बीच ग्रामीण हो या शहरी क्षेत्र, पर्व/त्यौहारों के दौरान बिजली आपूर्ति सुचारु रखी जाए। कहीं से भी अनावश्यक कटौती की शिकायत न आए। इसकी नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि खाद्य वस्तुओं में मिलावट आमजन के जीवन से खिलवाड़ है। ऐसी प्रवृत्ति को किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। पर्व, त्यौहारों के दृष्टिगत अभिहित अधिकारी खाद्य पदार्थों की जांच की कार्रवाई तेज की जाए। मिलावटी खाद्य पदार्थों के बिक्री की हर शिकायत पर तत्काल कार्यवाही हो। उन्होंने मिशन रूप में निरीक्षण किए जाने के और मिलावटखोरों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि हर सी0एच0सी0 व पी0एच0सी0 पर चिकित्सकों और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और 24×7 इमरजेंसी संचालित हो। जहां डॉक्टर जरूरी हों वहां अविलम्ब चिकित्सक तैनात किए जाएं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुधा सिंह ने आगामी पर्वों को सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाने के निर्देश देते हुए उपस्थित थानाध्यक्षों से कहा कि अपने दायित्वों के प्रति शिथिलता एवं लापरवाही बरतने पर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने दीपावली पर्व पर नगर के विभिन्न क्षेत्रों में चार प्रतिमाएं स्थापित किए जाने पर संबंधित क्षेत्र के थानाध्यक्षों को आयोजकों से संवाद करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बैठक में उपस्थित धर्मगुरु एवं अति सम्मानीय जनों को संबोधित करते हुए कहा की त्यौहारों की पवित्रता और सुरक्षा के लिए बाजारों तथा मन्दिरों में सिविल ड्रेस में महिला व पुरुष आरक्षी तैनात किए जाएंगे। यह सभी व्यवस्था को सुगम बनाने में अपना सहयोग करेंगे।
आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाने के लिए व्यापारी प्रतिनिधि मुकेश अग्रवाल ने सराफा बाजार में सुरक्षा के दृष्टिगत अतिरिक्त फोर्स लगाए जाने की मांग की। विश्व हिंदू परिषद के श्री विनोद अवस्थी ने छठ पूजा के लिए पहुँज नदी के अनसुईया घाट की साफ सफाई कराए जाने की सुझाव दिया।
पंडित कैलाश नारायण पाठक ने क्षेत्र में महिलाओं द्वारा भिक्षावृत्ति के बढ़ने से हो रही समस्याओं की जानकारी देते हुए इसे रोके जाने की मांग की। पं रवीश त्रिपाठी ने दीपावली के दिन नगर के विभिन्न हनुमान मंदिरों में प्रात: से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से अव्यवस्था को रोकने के लिए पुलिस फोर्स लगाए जाने का सुझाव दिया।
बैठक में अतुल किल्पन अग्रवाल ने मानिक चौक जैसे व्यस्ततम बाजार में दुपहिया वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का सुझाव दिया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार सिंह, एसपी नगर ज्ञानेंद्र कुमार सिंह, एसपी ग्रामीण गोपीनाथ सोनी, नगर मजिस्ट्रेट विधेश कुमार, सीओ सिटी रामवीर सिंह, पचकुईयां मंदिर के पुजारी विष्णु दुबे, राजेश बिरथरे, विनोद चतुर्वेदी सहित विद्युत विभाग, जल संस्थान, पंचायत राज विभाग, नगर निगम, के अधिकारी उपस्थित रहे।