• Sun. Mar 29th, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

28922हर घर जल योजना के तहत लक्ष्य के सापेक्ष वितरित किये गए पेयजल संयोजनों की स्थिति पोर्टल पर

ByNeeraj sahu

Oct 27, 2024

*मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में झाँसी मण्डल में निर्माणाधीन पेयजल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक सम्पन्न

** मण्डल के तीनों जनपदों में हाऊस होल्ड कनेक्शन की कमी 15 दिवस के भीतर पूर्ण करें

** हर घर जल योजना के तहत लक्ष्य के सापेक्ष वितरित किये गए पेयजल संयोजनों की स्थिति पोर्टल पर अद्यतन रखें

** जनपद ललितपुर में पेयजल परियोजनाओं की प्रगति संबंधी आंकड़े दुरुस्त रखे जाएं

** पेयजल परियोजनाओं के निर्माणकार्य में संलग्न सभी कार्यदायी संस्थाएं निर्धारित समयावधि के भीतर कार्य पूर्ण करे

झाँसी : आज मण्डलायुक्त झाँसी डॉ0 आदर्श सिंह की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन के अंतर्गत मण्डल में निर्माणाधीन पेयजल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ आयुक्त सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में आयुक्त महोदय ने निर्देश दिए कि मण्डल के तीनों जनपदों में हाऊस होल्ड कनेक्शन की कमी 15 दिवस के भीतर पूर्ण करें। लक्ष्य के सापेक्ष वितरित किये गए पेयजल संयोजनों की स्थिति पोर्टल पर अद्यतन रखें। उन्होंने जनपद ललितपुर की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि प्रगति पुस्तिका में वास्तविक स्थिति के सापेक्ष आंकड़े दुरुस्त रखे जाएं। पेयजल परियोजनाओं के निर्माणकार्य में संलग्न सभी कार्यदायी संस्थाएं शीघ्रता के साथ कार्य पूर्ण करने का प्रयास करें।
मण्डलायुक्त को योजनाओं के सम्बन्ध में अधीक्षण अभियन्ता, जल निगम (ग्रामीण) द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद झाँसी में 10 नग योजनायें सतही श्रोत पर आधारित निर्माणाधीन है. जिनमें 648 ग्राम सम्मिलित है। इसी प्रकार जनपद जालौन में 4 नग योजनायें सतही श्रोत पर एवं 1 नग योजना नलकूप पर आधारित है, जिसके अन्तर्गत 255 नलकूप निर्मित किये जाने हैं। उक्त योजनाओं में कुल 856 ग्राम सम्मिलित है तथा जनपद ललितपुर में 15 नग योजनायें सतही श्रोत पर आधारित है, जिनमें 560 ग्राम सम्मिलित है।

मण्डलान्तर्गत कुल 30 नग योजनायें निर्माणाधीन है, जिनकी अनुबन्धित लागत रू 3904.23 करोड़ है।

जनपद जालौन में कार्यदायी फर्म मैसर्स बी०जी०सी०सी० द्वारा कराये जा रहे कार्यों की प्रगति अत्यन्त धीमी होने के कारण मण्डलायुक्त द्वारा कडी नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यों की प्रगति में सुधार लाने हेतु निर्देशित किया गया। जनपद झांसी की प्रगति की समीक्षा में यह पाया गया कि जनपद जालौन की भाँति ही मैसर्स बी०जी०सी०सी० द्वारा कराये जा रहे कार्यों की प्रगति अत्यन्त कम है। कुछ योजनाओं की कार्य समापन तिथि व्यतीत हो जाने के फलस्वरूप भी कार्य पूर्ण न होने पर कार्यदायी फर्मो एवं अपर जिलाधिकारी / जल निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कार्य तीव्र गति से पूर्ण कराये। जनपद ललितपुर में भी कई योजनाओं के कार्यों की समापन तिथि व्यतीत हो गई है। इस पर मण्डलायुक्त द्वारा सभी उपस्थित अधिकारियों, कार्यदायी फर्मों के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया गया कि मशीनरी एवं मैन पावर बढाते हुए कार्यों को युद्ध स्तर पर पूर्ण करायें। जनपद झाँसी एवं ललितपुर में सम्पादित कराई जा रही 5 नग योजनाओं की प्रगति संतोषजनक पाई गई।

मण्डलायुक्त द्वारा सम्बन्धित अपर जिलाधिकारी, अधीक्षण अभियन्ता एवं अधिशासी अभियन्ता जल निगम (ग्रामीण) एवं अन्य सम्बन्धितों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि कार्यों को समयान्तर्गत एवं गुणावत्तापूर्वक पूर्ण कराना सुनिश्चित करें जिससे शासन की मंशा के अनुरूप हर घर जल पहुँचाया जाना संभव हो सके।
बैठक में अपर आयुक्त प्रशासन सर्वेश कुमार, संयुक्त विकास आयुक्त मिथिलेश सचान, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे झाँसी संजय कुमार पांडेय, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे ललितपुर लवकुश त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे जालौन, मुख्य अभियंता जल निगम झाँसी राकेश कुमार, उप निदेशक समाज कल्याण एस.एन. त्रिपाठी, अधिशाषी अभियंता जल निगम झाँसी रणविजय सिंह, अधिशाषी अभियंता जल निगम ललितपुर अवनीश सिंह, अधिशाषी अभियंता जल निगम जालौन अंचल गुप्ता, सहायक अभियंता जल निगम ललितपुर अरविन्द्र कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

Jhansidarshan.in