मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जिला विज्ञान क्लब झांसी की बैठक संपन्न
** जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक की चयन हेतु इच्छुक व्यक्तियों के आवेदन 10 दिवस के भीतर प्राप्त किए जाएं
————————————–
झाँसी : आज मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद की अध्यक्षता में जिला विज्ञान क्लब झांसी के नए समन्वयक के चयन हेतु आवश्यक बैठक का आयोजन विकास भवन सभागार में किया गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने अपने निर्देशन में कहा कि क्लब विज्ञान पाठ्यक्रम सहगामी क्रियाओं में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विज्ञान शिक्षण की नियमित कक्षाएँ तथा कक्षा के बाहर होने वाली विज्ञान क्रियाएँ विज्ञान शिक्षण के बराबर ही महत्व रखती हैं। विज्ञान क्लब एक ऐसा स्थान है, जहाँ पर छात्रों को ऐसे अवसर प्राप्त होते हैं, जिनके द्वारा वे विभिन्न प्रकार के स्वेच्छा से रचनात्मक कार्य कर सकते हैं छात्र के जीवन में विज्ञान क्लब विज्ञान पाठ्यक्रम के शिक्षण में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों को उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि विज्ञान क्लब समन्वयक से संबंधित पत्रावली प्रधानाचार्य राजकीय पॉलिटेक्निक को उपलब्ध कराई जाए, इसके साथ ही नए समन्वयक के चयन हेतु इच्छुक व्यक्तियों के आवेदन 10 दिवस के भीतर प्राप्त किए जाएं जिससे समन्वयक की नियुक्ति के पश्चात विज्ञान क्लब की अन्य गतिविधियां पूर्ण की जा सके। उन्होंने कहा कि 20 मार्च को गौरैया संरक्षण दिवस के अवसर पर प्राथमिक विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कराए जाएं जिससे छात्र छात्राओं को गौरैया संरक्षण हेतु जागरूक किया जा सके।
उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष 28 फरवरी को विज्ञान दिवस (Science day) के रूप में मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य छात्र-छात्राओं में विज्ञान के प्रति रुचि तथा उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण उत्पन्न करना होता है। इसीलिए प्रत्येक विद्यालय में विज्ञान क्लब का संगठन तथा गठन किया जाता है। जहाँ पर विद्यालय के विद्यार्थी विज्ञान संबंधी प्रत्ययों, समस्याओं का अन्वेषण करते हैं, जिससे छात्र छात्राओं में विज्ञान के प्रति लगाव तथा रुचि उत्पन्न होती है। विज्ञान क्लब का महत्व सभी छात्र छात्राओं के लिए बराबर होता है, यहाँ पर विशिष्ट बालक के साथ सामान्य बालक भी अपनी समस्याओं का अन्वेषण एक दूसरे के सहयोग के द्वारा कर सकते हैं। विज्ञान क्लब में छात्रों को शिक्षा के आदेश का पालन भी नहीं करना पड़ता है।अतः छात्र खुले मन से विज्ञान क्लब में अपनी आकांक्षाओं को पूरा करने के साथ ही विज्ञान के विभिन्न प्रत्यायों की जानकारी प्राप्त कर लेते हैं।
बैठक में पूर्व राज्य मंत्री हरगोविंद कुशवाहा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुधाकर पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक ओ0पी0 सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती नीलम यादव, जिला सूचना अधिकारी अरविंद गौर सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
