• Fri. Apr 3rd, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

*कस्बा पूंछ में हनुमान जयंती धूमधाम से मनाई गई, निकली भव्य शोभायात्रा संवाददाता — दयाशंकर साहू *

ByNeeraj sahu

Apr 3, 2026

कस्बा पूंछ में हनुमान जयंती धूमधाम से मनाई गई, निकली भव्य शोभायात्रा

संवाददाता — दयाशंकर साहू 

कस्बा पूंछ में हनुमान जयंती का पावन पर्व गुरुवार, 2 अप्रैल 2026 को श्रद्धा, आस्था और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कस्बे के मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

कस्बा के प्रमुख तालाब वाले हनुमान मंदिर से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में भक्त शामिल हुए। शोभायात्रा के दौरान जय श्रीराम एवं बजरंगबली के जयकारों से पूरा कस्बा भक्तिमय हो उठा।

इन प्रमुख मंदिरों से होकर निकली यात्रा

यह भव्य शोभायात्रा तालाब वाले हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर बड़ी माता मंदिर, दालान वाले हनुमान मंदिर, मरई माता मंदिर, राधा कृष्ण मंदिर एवं अष्टभुजी माता मंदिर सहित नगर के प्रमुख धार्मिक स्थलों से होकर गुजरी और पुनः तालाब वाले हनुमान मंदिर पर आकर सम्पन्न हुई।

सुबह से ही मंदिरों में हनुमान चालीसा एवं सुंदरकांड का पाठ होता रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा कर भगवान हनुमान से सुख-समृद्धि और मंगलकामना की।

मंदिरों को फूलों एवं आकर्षक रोशनी से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण आस्था और भक्ति से ओतप्रोत नजर आया। श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह भंडारे एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई, जहां लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ प्राप्त किया।

हनुमान जयंती के अवसर पर निकाली गई झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं, जिनमें भगवान हनुमान के विभिन्न रूपों का मनोहारी प्रदर्शन किया गया। इन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े।

उत्सव को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

Jhansidarshan.in