• Wed. May 20th, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

खजुराहो रेलवे स्टेशन पर किलाबंदी अभियान: बिना टिकट एवं गंदगी फैलाने वाले यात्रियों पर सख्त कार्रवाई, ₹ 2 लाख से अधिक जुर्माना वसूला

ByNeeraj sahu

May 19, 2026
खजुराहो रेलवे स्टेशन पर किलाबंदी अभियान: बिना टिकट एवं गंदगी फैलाने वाले यात्रियों पर सख्त कार्रवाई, ₹ 2 लाख से अधिक जुर्माना वसूला

मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा के निर्देशन में दिनांक 19 मई 2026 को खजुराहो रेलवे स्टेशन पर बिना टिकट यात्रियों, अनाधिकृत वेंडर्स तथा स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में गंदगी फैलाने वाले यात्रियों के विरुद्ध व्यापक किलाबंदी टिकट जांच अभियान चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य रेलवे परिसर में स्वच्छता बनाए रखना, यात्री सुविधाओं को सुदृढ़ करना तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करना था।
अभियान के दौरान स्टेशन के सभी प्रवेश एवं निकास द्वारों पर टिकट चेकिंग स्टाफ, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) एवं जीआरपी कर्मियों की विशेष तैनाती की गई। सघन जांच व्यवस्था के चलते बिना टिकट एक भी व्यक्ति स्टेशन परिसर में प्रवेश अथवा निकास नहीं कर सका। इस कार्रवाई से बिना टिकट एवं अनियमित यात्रियों में हड़कंप की स्थिति रही।
अभियान के अंतर्गत 05 ट्रेनों में व्यापक जांच की गई, जिनमें प्रमुख रूप से 19484 अहमदाबाद एक्सप्रेस, 22163 महामना एक्सप्रेस, 01025 बलिया स्पेशल  तथा 19665 उदयपुर इंटरसिटी शामिल रहीं। विशेष रूप से महिला एवं दिव्यांग कोचों की भी गहन जांच की गई।
जांच के दौरान स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में गंदगी फैलाने, नियमों की अवहेलना करने तथा अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई की गई। साथ ही यात्रियों को स्वच्छता बनाए रखने तथा रेलवे संपत्ति को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक भी किया गया। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी गंदगी फैलाने वालों एवं नियम उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध इसी प्रकार कठोर अभियान निरंतर जारी रहेंगे।
इसके अतिरिक्त स्टेशन स्थित खानपान स्टॉलों का निरीक्षण किया गया तथा स्टेशन परिसर के सभी जलापूर्ति बिंदुओं पर पेयजल उपलब्धता की जांच कर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया गया।
अभियान के दौरान 254 बिना टिकट एवं अनियमित यात्रियों से कुल ₹2,01,270/- का जुर्माना वसूला गया।
सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनिल श्रीवास्तव के नेतृत्व में संचालित इस अभियान में मुख्य टिकट निरीक्षक श्री अभिजीत सिंह तोमर, अंशुल त्रिपाठी, प्रियंक पुरोहित, मनोज त्रिपाठी एवं दिनेश कुमार साहू   सहित कुल आरपीएफ एवं जीआरपी के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
झांसी मंडल यात्रियों की सुरक्षा, स्वच्छता एवं बेहतर यात्रा अनुभव के लिए प्रतिबद्ध है।
यात्रियों से अनुरोध है कि वे वैध टिकट लेकर यात्रा करें, स्टेशन एवं ट्रेन परिसर को स्वच्छ रखें तथा खाद्य सामग्री केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदें।

(2)
अप्रैल 2026 में विभिन्न खंडों में 13 थिक वेब स्विच (TWS) किए गए स्थापित

आधुनिक थिक वेब स्विच से ट्रैक की विश्वसनीयता, संरक्षा एवं सुचारु संचालन में होगा उल्लेखनीय सुधार

झाँसी मंडल में रेल संरक्षा एवं ट्रैक अवसंरचना के आधुनिकीकरण पर विशेष बल दिया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन में ट्रेनों के सुरक्षित एवं सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से थिक वेब स्विच (TWS) लगाने का कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है। TWS (थिक वेब स्विच) के स्थापना से ट्रैक की संरक्षा, स्थिरता तथा संचालन की गुणवत्ता में महत्वपूर्ण सुधार हो रहा है।

झाँसी मंडल के विभिन्न रेल खंडों में अप्रैल 2026 माह के दौरान इंजीनियरिंग विभाग द्वारा वीरांगन लक्ष्मीबाई झांसी –मानिकपुर , ललितपुर- खजुराहो एवं वीरांगन लक्ष्मीबाई झांसी- कानपुर खंडों में कुल 13 थिक वेब स्विच (TWS) स्थापित किए गए।

थिक वेब स्विच (TWS) लगाने का मुख्य उद्देश्य टर्नआउट पर ट्रेनों के संचालन को अधिक सुरक्षित, सुगम एवं उच्च गति के अनुकूल बनाना है। इस आधुनिक तकनीक के प्रयोग से टर्नआउट पर झटकों में कमी आती है तथा ट्रैक पर पॉइंट बदलने के दौरान यात्रियों को झटका महसूस नहीं होता। साथ ही यह प्रणाली ट्रैक की आयु बढ़ाने एवं अनुरक्षण कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने में भी सहायक है।

मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि झाँसी मंडल में संरक्षा सर्वोपरि है तथा आधुनिक तकनीकों के माध्यम से ट्रैक अवसंरचना को निरंतर सुदृढ़ किया जा रहा है। थिक वेब स्विच (TWS) की स्थापना से टर्नआउट संबंधी विफलताओं में कमी आती है, रखरखाव व्यय कम होता है तथा रेल संचालन अधिक विश्वसनीय बनता है। यह उन्नत प्रणाली भविष्य में उच्च गति एवं सुरक्षित रेल संचालन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध हो रही है।

झाँसी मंडल द्वारा संरक्षा उन्मुख कार्यों को निर्धारित योजना के अनुरूप प्राथमिकता के साथ संपन्न किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, सुचारु एवं बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Jhansidarshan.in