• Mon. May 18th, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

*”रातभर चला सड़क सुरक्षा का शिकंजा”*

ByNeeraj sahu

May 18, 2026

*”रातभर चला सड़क सुरक्षा का शिकंजा”*

*शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर यातायात पुलिस का बड़ा एक्शन, टोल प्लाजा पर देर रात तक चली सघन चेकिंग*

जालौन में सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन और पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। एडीजी यातायात उत्तर प्रदेश के निर्देश परजालौन जिले में देर रात विशेष सड़क सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान संचालित किया गया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन में यातायात पुलिस ने विभिन्न टोल प्लाजा पर देर रात तक सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई। जो चालक शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए, उनके वाहनों को तत्काल साइड में खड़ा कराते हुए मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने साफ संदेश दिया कि शराब पीकर वाहन चलाना कानूनन अपराध होने के साथ-साथ जानलेवा भी साबित हो सकता है।
यातायात पुलिस ने लंबी दूरी तय करने वाले वाहन चालकों को भी जागरूक किया। अधिकारियों ने कहा कि लगातार ड्राइविंग करने के बजाय बीच-बीच में विश्राम करना बेहद जरूरी है। यदि चालक को नींद, थकान या अस्वस्थता महसूस हो तो सुरक्षित स्थान पर वाहन रोककर आराम करने के बाद ही आगे की यात्रा करें।
अभियान के दौरान सीट बेल्ट और हेलमेट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
यातायात प्रभारी निरीक्षक वीर बहादुर सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं बल्कि हर नागरिक का दायित्व है। सुरक्षित ड्राइविंग अपनाकर ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
इस दौरान मुख्य आरक्षी सुभाष कुमार, मुख्य आरक्षी अजीत कुमार, आरक्षी विवेकानंद समेत यातायात पुलिस के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

रविकांत द्विवेदी RK रिपोर्टर, जालौन…🖊️📹
📲9415924024,7007725321

Jhansidarshan.in