• Fri. Mar 27th, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में उत्सव / स्वागत समारोह का आयोजन

ByNeeraj sahu

Mar 27, 2026
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में उत्सव / स्वागत समारोह का आयोजन

आज दिनांक:27.03.2026 को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार की अध्यक्षता में एक भव्य उत्सव / स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडल के विभिन्न विभागों को प्राप्त शील्ड एवं सम्मान चिन्हों का प्रदर्शन किया गया, जिससे मंडल की उत्कृष्ट उपलब्धियों को एक मंच पर प्रस्तुत किया जा सके।

समारोह के दौरान सभी विभागों द्वारा प्राप्त उपलब्धियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। मंडल रेल प्रबंधक ने विभागवार प्रदर्शन का अवलोकन करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पण, मेहनत एवं टीमवर्क की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धियाँ मंडल के सभी कर्मचारियों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम हैं और भविष्य में भी इसी उत्साह एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए नई ऊँचाइयों को प्राप्त किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपने-अपने विभाग की उपलब्धियों एवं अनुभवों को साझा किया। इस अवसर ने न केवल पिछले कार्यों की समीक्षा का अवसर प्रदान किया, बल्कि आगे की कार्ययोजना के लिए भी प्रेरणा दी।

अंत में मंडल रेल प्रबंधक ने सभी विभागों को बधाई देते हुए निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखने का आह्वान किया। समारोह का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।

(2)
मंडल रेल प्रबंधक द्वारा 300वें विद्युत लोको को हरी झंडी एवं आधुनिक सुविधाओं का शुभारंभ

विद्युत लोको शेड से निकलने वाले सभी लोको का नाम कारगिल के शहीदों से प्रेरित होगा: डीआरएम

अभियंता कक्ष, लोको शेड मॉडल तथा लोको मॉडल का भी किया अनावरण

मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में आज दिनांक 27.03.2026 को विद्युत लोको शेड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में शेड द्वारा मेंटेन किए गए 300वें विद्युत लोको को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। अप्रैल माह में सेवानिवृत्त हो रहे वरिष्ठ टेक्नीशियन श्री शिव प्यारे द्वारा हरी झंडी दिखाई गई। लोको नंबर 42759 “पवन” (WAG9/HC) इस शेड में अनुरक्षित किया गया 300 वां लोको है। यह उपलब्धि न केवल शेड की तकनीकी दक्षता और कार्यकुशलता को दर्शाती है, बल्कि यहां कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पण, टीम वर्क एवं उत्कृष्ट कार्य संस्कृति का भी परिचायक है। इस अवसर पर उपस्थित सभी रेलकर्मियों में विशेष उत्साह एवं गर्व का वातावरण देखा गया।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक द्वारा WAG5 लोको मॉडल का अनावरण किया गया।  यह मॉडल भारतीय रेल की धरोहर है। इसके माध्यम से विरासत के संरक्षण का संदेश दिया गया। डीजल लोको शेड द्वारा आधुनिक होने के साथ ही गौरवशाली विरासत के संरक्षण का भी कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान विद्युत लोको शेड में कार्यरत अभियंताओं के लिए एक आधुनिक एवं सुसज्जित अभियंता कक्ष का उद्घाटन भी किया गया। यह कक्ष पूर्णतः वातानुकूलित है तथा इसमें अभियंताओं के बैठने, विश्राम एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही, इसे इस प्रकार विकसित किया गया है कि यह अभियंताओं के लिए एक रिक्रिएशन स्पेस के रूप में भी कार्य कर सके। इस सुविधा से कर्मचारियों को कार्य के बीच बेहतर विश्राम एवं अनुकूल वातावरण प्राप्त होगा, जिससे उनकी कार्यक्षमता, संतुष्टि एवं मनोबल में सकारात्मक वृद्धि होने की अपेक्षा है।

इसके अतिरिक्त, मंडल रेल प्रबंधक द्वारा विद्युत लोको शेड के एक विस्तृत एवं आकर्षक मॉडल का भी अनावरण किया गया। इस मॉडल के माध्यम से शेड की संपूर्ण संरचना, विभिन्न अनुभागों, कार्यप्रवाह एवं अनुरक्षण प्रक्रियाओं की जानकारी एक ही स्थान पर सहज रूप से प्राप्त की जा सकेगी। यह मॉडल विशेष रूप से आगंतुकों, प्रशिक्षणार्थियों एवं अधिकारियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा तथा तकनीकी समझ को सरल एवं प्रभावी बनाने में सहायक होगा।

मंडल रेल प्रबंधक ने इस अवसर पर विद्युत लोको शेड के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां भारतीय रेल की प्रगति, परिचालन दक्षता एवं सेवा गुणवत्ता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भविष्य विद्युत लोको शेड से निकलने वाले सभी लोको का नाम कारगिल में शहीद हुए सैनिकों के नाम पर रखा जाए। उन्होंने सभी को भविष्य में भी इसी समर्पण एवं उत्कृष्टता के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक/इंफ्रा श्री प्रेम प्रकाश शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक/परिचालन श्री नंदीश शुक्ल, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता(रोलिंग स्टॉक) श्री नागेंद्र तिवारी, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) श्री आशुतोष चौरसिया, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री गिरीश कंचन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा समेत सभी ब्रांच अधिकारी मौजूद रहे।

(3)
ऑपरेशन “अमानत” के तहत आरपीएफ की सराहनीय कार्यवाही — 10.50 लाख रुपये के सोने के आभूषण महिला यात्री को सुरक्षित सुपुर्द

झाँसी मंडल के अंतर्गत ऑपरेशन “अमानत” के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा एक उल्लेखनीय एवं प्रशंसनीय कार्यवाही करते हुए गाड़ी संख्या 11807 झाँसी–आगरा पैसेंजर के जनरल कोच में छूटे महिला यात्री के बैग को बरामद कर सुरक्षित रूप से उसे वापस किया गया।

दिनांक 26 मार्च 2026 को प्रातः लगभग 08:50 बजे मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष को सूचना प्राप्त हुई कि उक्त गाड़ी के जनरल कोच में एक महिला यात्री का बैग छूट गया है, जिसमें कीमती सोने के आभूषण रखे हुए हैं। सूचना मिलते ही तत्परता दिखाते हुए आरपीएफ मुरैना द्वारा महिला यात्री से संपर्क स्थापित किया गया। महिला ने घबराहट की स्थिति में बताया कि उसका लाइट आसमानी रंग का बैग ट्रेन के आगे वाले जनरल कोच में रह गया है।

इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए निरीक्षक, आरपीएफ पोस्ट मुरैना के निर्देशन में ड्यूटी पर तैनात स्टाफ — उप निरीक्षक शिवदान, प्रधान आरक्षक कदम सिंह एवं आरक्षक जयदेव सिंह — द्वारा गाड़ी के मुरैना स्टेशन पहुंचने पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। लोको पायलट से समन्वय कर ट्रेन को कुछ अतिरिक्त समय तक रोका गया तथा महिला यात्री से वीडियो कॉल के माध्यम से बैग की पहचान कराई गई।

तलाशी के दौरान आगे से दूसरे जनरल कोच में महिला द्वारा बताए गए विवरण के अनुरूप बैग बरामद किया गया। कोच में मौजूद अन्य यात्रियों से पूछताछ करने पर बैग का कोई दावा नहीं किया गया, जिसके बाद बैग को सुरक्षित रूप से आरपीएफ पोस्ट मुरैना में जमा किया गया।

बाद में लगभग 13:00 बजे संबंधित महिला यात्री पोस्ट पर उपस्थित हुईं। उन्होंने बताया कि वह अपने परिवार के साथ डबरा से ग्वालियर यात्रा कर रही थीं और अत्यधिक भीड़ के कारण उनका बैग ट्रेन में ही छूट गया था।

बैग की जांच के दौरान उसमें रखे लगभग 07 तोला सोने के आभूषण — 09 अंगूठियां, 04 चूड़ियां, 02 जोड़ी टॉप्स, 01 हार, 01 मंगलसूत्र एवं 01 जोड़ी बालियां — जिनकी अनुमानित कीमत ₹10,50,000/- (दस लाख पचास हजार रुपये) है, सुरक्षित पाए गए। पूर्ण संतुष्टि के उपरांत बैग को विधिवत महिला यात्री को सुपुर्द किया गया।

अपने खोए हुए कीमती गहनों की सुरक्षित प्राप्ति पर महिला यात्री ने आरपीएफ स्टाफ के त्वरित एवं सराहनीय कार्य के लिए आभार व्यक्त किया तथा उनकी भूरी-भूरी प्रशंसा की।

यह घटना रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता, तत्परता एवं यात्रियों की सुरक्षा एवं संपत्ति संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

 
(4)
दुर्ग–हरिद्वार के मध्य विशेष ट्रेन का संचालन (यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा)
यात्रियों की बढ़ती मांग एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा दुर्ग से हरिद्वार तथा हरिद्वार से दुर्ग के मध्य विशेष गाड़ियों का संचालन करने का निर्णय लिया गया है। यह विशेष सेवा श्रद्धालुओं एवं आम यात्रियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।
गाड़ी संख्या 08743 (दुर्ग–हरिद्वार) विशेष गाड़ी

यह गाड़ी दिनांक 19 अप्रैल 2026 से 28 जून 2026 तक प्रत्येक रविवार को दुर्ग से संचालित होकर हरिद्वार तक जाएगी।

समय सारणी (रनिंग टाइम) इस प्रकार है :
दुर्ग – प्रस्थान 11:00 बजे
रायपुर – 11:36/11:41
भाटापारा – 12:28/12:30
उसलापुर – 13:45/13:55
पेंडरा रोड – 15:13/15:15
अनूपपुर – 15:53/15:55
शहडोल – 16:35/16:45
उमरिया – 17:33/17:35
कटनी मुड़वारा – 19:20/19:30
दमोह – 20:48/20:50
सागर – 21:50/21:55
वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी – 03:35/03:40
ग्वालियर – 05:05/05:10
धौलपुर-06:53/06:55
आगरा कैंट – 07:55/08:00
मथुरा – 08:55/08:00
कोशिकला –09:28/09:30
हजरत निजामुद्दीन – 11:25/11:35
मेरठ शहर – 12:55/12:57
रुड़की – 15:37/15:39
हरिद्वार – आगमन 17:30 बजे

गाड़ी संख्या 08744 (हरिद्वार–दुर्ग) विशेष गाड़ी
वापसी में यह गाड़ी दिनांक 20 अप्रैल 2026 से 29 जून 2026 तक प्रत्येक सोमवार को हरिद्वार से दुर्ग के लिए संचालित की जाएगी।

समय सारणी (रनिंग टाइम) इस प्रकार है :

हरिद्वार – प्रस्थान 18:55 बजे
रुड़की – 19:43/19:45
मेरठ शहर – 21:30/21:32
हजरत निजामुद्दीन – 23:10/23:20
कोशिकला –01:28/01:30
मथुरा – 02:40/042:45
आगरा कैंट – 04:15/04:20
धौलपुर -05:55/05:57
ग्वालियर – 07:55/08:00
वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी – 09:55/10:00
सागर – 14:05/14:10
दमोह – 15:25/15:27
कटनी मुड़वारा – 17:35/17:45
उमरिया – 18:44/18:46
शहडोल – 19:45/19:55
अनूपपुर – 20:33/20:35
पेंडरा रोड – 21:10/21:12
उसलापुर – 23:40/23:50
भाटापारा – 00:40/00:42
रायपुर – 01:40/01:45
दुर्ग – आगमन 03:00 बजे

(5) 

रेल प्रशासन द्वारा सर्व साधारण को सूचित किया जाता है कि धौर्रा स्टेशन पर जाखलौन-धौर्रा तीसरी लाइन से संबंधित इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग संस्थापन का कार्य दिनांक 27.03.2026 से 29.03.2026 तक किया जा रहा है I उक्त कार्य के चलते निम्नलिखित गाड़ियों के सञ्चालन में निम्न अनुसार परिवर्तन किया जा रहा है :
रद्दीकरण :
• गाड़ी संख्या 64617 बीना-ललितपुर मेमू (प्रतिदिन) दिनांक 28.03.2026 से 30.03.26 तक रद्द रहेगी, इसी क्रम में गाड़ी संख्या 64618 ललितपुर-बीना मेमू (प्रतिदिन) दिनांक: 28.03.26 से 30.03.2026 तक रद्द रहेगी I
रेगुलेशन :
• गाड़ी संख्या 19167 अहमदाबाद-वाराणसी दिनांक 29.03.2026 को 45 मिनट झांसी मंडल में विलंबित होगी I
• गाड़ी संख्या 19165 अहमदाबाद-डिब्रूगढ़ साबरमती एक्सप्रेस दिनांक 30.03.2026 को झांसी मंडल पर 55 मिनट विलंबित होगी I
• गाड़ी संख्या 12808 निजामुद्दीन-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस दिनांक 30.03.2026 को झांसी मंडल पर 120 मिनट विलंबित होगी I
• गाड़ी संख्या 18238 अमृतसर-कोरबा छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस दिनांक 29 तथा 30.03.2026 को झांसी मंडल पर 100 मिनट विलंबित होगी I
• गाड़ी संख्या 20808 अमृतसर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस दिनांक 29 तथा
30.03.26 को झांसी मंडल पर 70 मिनट विलंबित होगी I
Jhansidarshan.in