मुठभेड़ में दो शातिर चोर गिरफ्तार, तमंचा कारतूस सहित सोने चांदी के जेवरात नकदी बरामद
झांसी। अपराध की रोकथाम ओर अपराधी के खिलाफ एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत देर रात थाना शहर कोतवाली पुलिस की दो शातिर अभियुक्तों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बीते दिनों उन्नाव गेट के पास सूने मकान में हुई चोरी की घटना का माल बरामद करते हुए तमंचा कारतूस सहित नकदी ओर मोबाइल फोन बरामद कर लिए।
जानकारी के मुताबिक 15 मार्च को उन्नाव गेट मेवाती पुरा निवासी उमा वर्मा ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि 11 मार्च को वह अपने घर ताला लगाकर परिजनों के साथ जालौन में शादी समारोह में शामिल होने गई थी। लौट कर आई तो देखा अज्ञात चोर उसके घर का ताला तोड़कर सोने चांदी के जेवरात नकदी मोबाइल फोन आदि चोरी कर ले गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी थी। इधर घटना को गंभीरता से लेकर एसएसपी ने कोतवाली पुलिस को खुलासा करने के निर्देश दिए थे। एसएसपी के निर्देशन पर चोरों की तलाश में लगी पुलिस टीम का नगरिया कुआं के पास देर रात आमान सामान संदिग्धों से हो गया। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो संदिग्ध पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को दबोच लिया। मौके से उनका एक साथी फरार हो गया। पूछताछ में पकड़े गए दोनों संदिग्धों ने अपने नाम मध्यप्रदेश के जिला दतिया नदीम ओर मध्यप्रदेश जिला ग्वालियर के गणेशपुरा निवासी दीपक उर्फ संजय जाटव बताया। पूछताछ में दोनों ने उमा वर्मा के घर चोरी करने की घटना को स्वीकार करते हुए बताया उनका एक साथी ओर है जो फरार हो गया उसी के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों के कब्जे से सोने चांदी के जेवरात, लक्ष्मी गणेश की मूर्ति, मोबाइल फोन ओर छह हजार की नकदी बरामद कर ली है। पुलिस उनके भागे गए साथी की तलाश कर रही है।