जालौन आत्महत्या कांड की मजिस्ट्रियल जांच शुरू, प्रशासन ने मांगे सबूत और बयान
जालौन में चर्चित आत्महत्या प्रकरण को लेकर अब प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी है। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर थाना कदौरा क्षेत्र के सिद्धार्थ नगर निवासी लोकेन्द्र अहिरवार की आत्महत्या मामले की जांच उप जिलाधिकारी उरई ज्योति सिंह को सौंपी गई है। एसडीएम सदर ज्योति सिंह ने बताया कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े वास्तविक तथ्य सामने आ सकें और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी व्यक्ति के पास इस प्रकरण से जुड़ा कोई साक्ष्य, दस्तावेज, वीडियो, जानकारी या बयान हो, तो वह 23 मई 2026 तक किसी भी कार्य दिवस में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच उप जिलाधिकारी उरई कार्यालय पहुंचकर अपना पक्ष प्रस्तुत कर सकता है। प्रशासन का कहना है कि जांच प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और तथ्यपरक बनाया जाएगा तथा प्रस्तुत किए गए हर साक्ष्य और बयान का गंभीरता से परीक्षण किया जाएगा। एसडीएम ज्योति सिंह ने लोगों से न्यायिक प्रक्रिया में सहयोग करने और सत्य तथ्यों को सामने लाने की अपील की है, जिससे जांच प्रभावी ढंग से पूरी की जा सके।