• Fri. Oct 18th, 2024

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

प्रत्येक न्याय पंचायत में लगेगा ऑटोमैटिक वेदर सिस्टम, किसानो को पूर्व में मिलेगी ओलावृष्टि एवं बिजली गिरने की जानकारी:-कृषि मंत्री जी

ByNeeraj sahu

Jun 23, 2024
 प्रत्येक न्याय पंचायत में लगेगा ऑटोमैटिक वेदर सिस्टम, किसानो को पूर्व में मिलेगी ओलावृष्टि एवं बिजली गिरने की जानकारी:- मा0 कृषि मंत्री जी
सहफसली खेती को बुंदेलखंड में करें प्रोत्साहित, किसान खेती पशुपालन, मत्स्य, बागबानी को अपनाएं और अधिक लाभ उठाएं
मा0 कृषि मंत्री उत्तर प्रदेश शासन के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुई तीन मंडलों की खरीफ उत्पादकता गोष्ठी-2024
बुंदेलखंड क्षेत्र में सूरजमुखी की खेती की प्रबल संभावनाएं, प्रदेश की जीडीपी बढ़ाने में बुंदेलखंड भी होगा शामिल:- मा0 कृषि मंत्री
खेत तालाब योजना/ सोलर पंप के लिए किसान करें आवेदन ताकि लक्ष्य को शत प्रतिशत पूर्ण कर सकें
बुन्देलखण्ड के किसानों को कम पानी की फसल बोने के लिए करें प्रेरित, खेती में ड्रिप स्प्रिंकलर सिस्टम का लाभ उठाएं
बुंदेलखंड के बलिनी दुग्ध उत्पादन कंपनी को किया  प्रोत्साहित, अन्य जनपदों में भी आगे आने का किया आह्वान
 बुन्देलखण्ड में दलहन/तिलहन की अधिक पैदावार, बुंदेलखंड में इसे और बढ़ाए जाने की आवश्यकता
 ** बुंदेलखंड के किसान उत्पादन बढ़ाने के लिए ढेंचा का करें उत्पादन, सरकार ₹4600/ प्रति क्विंटल की दर से करेगी क्रय:- मा0 कृषि मंत्री
 ** क्षेत्र में फूड प्रोसेसिंग, सीड मैन्युक्चरिंग प्लांट एंव ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के लिए सरकार करेगी मदद, मिलेगा किसानों को लाभ:- मा0 कृषि उत्पादन आयुक्त
 ** एफपीओ गठन के बाद भी, छोटे किसानों को नहीं मिल रहा कृषक उत्पादक संगठन का लाभ
      झांसी (सू0वि0): आज मा0 मंत्री कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग श्री सूर्य प्रताप शाही जी ने पं.दीनदयाल उपाध्याय सभागार में झांसी, चित्रकूटधाम मंडल एवं कानपुर मंडल की संयुक्त मंडलीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी -2024 एंव कृषि सूचना तंत्र एवं नेशनल ऑन एडिविल ऑइल (तिल्हनी) योजना अंतर्गत खरीफ उत्पादकता गोष्ठी 2024/जनपदस्तरीय किसान मेला जनपद एवं मंडली स्तरीय तिलहन, जनपद एवं मंडलीय स्तरीय तिलहन किसान मेला में मुख्य अतिथि के रूप में कहा कि बुन्देलखण्ड का विकास शासन की उच्च प्राथमिकता है। क्षेत्र के किसानों की आय दोगुनी हो उसके लिये केंद्र  एवं प्रदेश सरकार लगातार विभिन्न योजनाएं संचालित करते हुए प्रयास किये जा रहे है। उन्होंने खरीफ उत्पादकता गोष्ठी के मंतव्य को स्पष्ट करते हुए कहा कि गोष्ठी का उद्देश्य है कि आप सभी के बीच आकर आपकी समस्याओं को सुनकर उनका निस्तारण करना एवं शासन की लाभकारी योजनाओं की जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि बुन्देलखण्ड के विकास के लिए मा0 प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी पूर्णतः कृत संकल्पित हैं।
       उन्होंने मण्डलीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी में उपस्थित किसानों से कहा कि हमारी सरकार पूरी तरह किसानो के आर्थिक विकास और सामाजिक विकास को आगे ले जाने के लिए तत्पर है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व की कांग्रेस सरकार द्वारा जो एमएसपी दी जा रही थी उसमें बढ़ोतरी की गई है। किसानों के 01 लाख रुपये तक के ऋण माफ किए गए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनायें आमजन तक पहुंचे, इसके अतिरिक्त खाद, बीज, पानी उपलब्ध हो ताकि  किसानों के साथ क्षेत्र का भी विकास हो।
      माननीय कृषि मंत्री ने उपस्थित किसानों से कहा कि बुंदेलखंड में 30 हजार खेत तालाब योजना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके सापेक्ष अभी आवेदन बहुत कम है। उन्होंने आह्वान किया कि अधिक से अधिक किसान खेत तालाब योजना अंतर्गत आवेदन करना सुनिश्चित करें, ताकि कार्य जल्द प्रारंभ किया जा सके। किसानो को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा खेत तालाब के माध्यम से आय में बढ़ोतरी करें। मछली पालन के अतिरिक्त सब्जी उत्पादन, फल/फूल आदि का उत्पादन करें ताकि आर्थिक स्थिति में सुधार हो। उन्होंने बताया कि बुंदेलखंड में अब तक खेत। तालाब योजना के माध्यम से 01 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचित किया जा रहा है।
       माननीय कृषि मंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से सर्वे किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यदि खेत में विभिन्न फसल लगाई गई है तो सर्वे में प्रत्येक फसल की जानकारी प्राप्त होगी। इसके अतिरिक्त उसकी क्षति का भी सही आंकलन किया जा सकेगा, जिससे फसल क्षति का मुआवजा उचित प्राप्त हो सकेगा। इसके साथ ही उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश में प्रत्येक न्याय पंचायत में ऑटोमैटिक वेदर सिस्टम लगाया जा रहा है जिससे किसानो को पूर्व में ही ओलावृष्टि या बिजली गिरने की जानकारी प्राप्त हो जाएगी।
       मा0 कृषि मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि गौ आधारित प्राकृतिक खेती और जैविक खेती को अपनाते हुए किसान खेती करें जिससे भूमि में कार्बन की मात्रा को बढ़ाया जा सके। उन्होंने सुझाव देते हुए कहा कि ऑर्गेनिक को बढ़ाना है तो ढेंचा लगाएं। उन्होंने बताया कि इसके उत्पादन से भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ेगी। इसके अतिरिक्त उन्होंने किसानो को पंजीकरण कराते हुए ढेंचा उत्पादन का सुझाव दिया और बताया कि किसानों से 4600/ प्रति कुंडल की दर से ढ़ेचा क्रय किया जाएगा। उन्होंने बुंदेलखंड के किसानों को क्षेत्र में सूरजमुखी की खेती करने का भी सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि सूरजमुखी की खेती कि क्षेत्र में बहुत संभावना है।
       संयुक्त खरीफ उत्पादकता गोष्ठी में कृषि उत्पादन आयुक्त श्री मनोज कुमार सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विशेष परंपरा है जहां साल में 02 बार किसानों के बीच आकर योजनाएं बनाते हैं, उनकी समस्याओं को सुनते हैं। उन्होंने कहा कि गोष्ठी का मकसद सुझाव जानना और बीज, खाद, उर्वरक आदि की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त करना है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि गोष्ठी में बहुत ही उपयोगी सुझाव किसानों के द्वारा मिले हैं।
       कृषि उत्पादन आयुक्त का पूरा फोकस बुंदेलखंड के ऊपर ही रहा। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में कम बारिश होती है उन्होंने बताया कि इजराइल देश में उत्तर प्रदेश से भी कम वर्षा होती है लेकिन वहां कृषि क्षेत्र में अच्छा कार्य होता है। बुंदेलखंड में बारिश के पानी को खेत में बंधी-खेत तालाब कार्य को करते हुए रोकना होगा, इसके साथ ही पानी का सही इस्तेमाल कैसे करें? जिससे किसान कम पानी में अच्छी फसल का उत्पादन कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जीडीपी में पश्चिम उत्तर प्रदेश का 95% भागीदारी है तो वही बुंदेलखंड की 5% की भागीदारी है, यदि बुंदेलखंड की दलहन/तिलहन को प्रोसेसिंग कर विक्रय किया जाए तो प्रदेश की जीडीपी में बुंदेलखंड की भी अच्छी भागीदारी हो सकेगी।
      एपीसी श्री मनोज कुमार सिंह ने कहा कि इस वर्ष प्रदेश में दलहन/तिलहन का लक्ष्य बढ़ाया गया है। अच्छे उत्पादन का मूल मंत्र है, समय से बुवाई यदि सही समय पर बुवाई कर ली जाएगी तो अच्छादन में बढ़ोतरी होगी। उन्होंने जिले की अधिकारियों को लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए ताकि बढ़े हुए लक्ष्य की पूर्ति की जा सके।
       संयुक्त मंडलीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी में कृषि उत्पादन आयुक्त ने बलिनी की दीदियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आपके कार्य की जानकारी मा0 मुख्यमंत्री जी प्रत्येक जनपद में इस उद्देश्य के साथ उपस्थित महिलाओं को देते हैं कि वहां भी दीदियां आगे आकर इस कार्य को करें। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में प्रोसेसिंग प्लांट, सीट मैन्युफेक्चरिंग प्लांट एवं ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के लिए सरकार 5-10 करोड़ तक की मदद कर रही है। एफपीओ आगे आकर सहयोग करे ताकि किसानों को उनकी फसल का अधिक से अधिक लाभ दिलाया जा सके।
      उन्होंने प्राकृतिक खेती जैविक खेती में आगे किसानो को आगे आने का आव्हन किया। उन्होंने कहा यदि उर्वरक की खपत बढ़ रही है तो यह सही नहीं है उन्होंने जनपद ललितपुर में यूरिया की अधिक खपत पर भी
अधिकारियों को जानकारी लेने के निर्देश दिए।
   संयुक्त मंडलीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी-2024 के आयोजन पर मण्डलायुक्त श्री बिमल कुमार दुबे ने मण्डल में खरीफ की तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि मंडल में बीज,खाद,उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने कहा कि विशेष उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए माइक्रो प्लान बना लिया गया है।जिससे खेती को प्रोत्साहित करते हुए क्षेत्र में विस्तार हो रहा है। उन्होंने बताया कि मंडल में 147 एफपीओ गठित किए गए हैं जो पूर्णतः संचालित है।
        मंडलायुक्त ने जनपद झांसी में तुलसी की खेती की जानकारी देते हुए बताया की धार्मिक आस्था के कारण किसान इसे अपनाने में संकोच कर रहा था परंतु काउंसलिंग के बाद किसान इस खेती में आगे आए हैं अब लगभग 3000 एकड़ से अधिक में तुलसी की खेती की जा रही है, जिसका जी0आई0 टैक हो गया है। उन्होंने कहा कि विशेष जलवायु क्षेत्र के कारण मंडल में (मिलिट्स) श्रीअन्न उत्पादन प्रक्रिया को गति के साथ किए जाने हेतु वैल्यू एडिशन कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से अधिक से अधिक किसान इसमें शामिल होंगे।
        गोष्ठी में मंडलायुक्त चित्रकूट धाम मंडल डाॅ बालकृष्ण त्रिपाठी ने मंडल की खरीफ उत्पादकता की तैयारियों और रणनीति की जानकारी दी। मंडल में दलहन/तिलहन क्षेत्र को बढ़ाया जा रहा है सिंचाई की सुविधा नहीं थी लेकिन अब सिंचाई क्षमता में बढ़ोतरी हो रही है उन्होंने खेत तालाब योजना सहित अन्य योजनाओं में अनुदान बढ़ाने का अनुरोध किया।
      संयुक्त मंडलीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी में मण्डलायुक्त कानपुर श्री अमित कुमार गुप्ता ने मंडल में खरीफ की फसल की जानकारी जी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष खरीफ का लक्ष्य गत। वर्ष से 3% बढ़ाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त 30% श्री अन्य का लक्ष्य भी रखा है। उन्होंने बताया की खरीफ की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। रसायन उर्वरक की उपलब्धता हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए गोष्ठी एक महती भूमिका निभा सकती है।
      संयुक्त मंडलीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी में जिलाधिकारी श्री अविनाश कुमार ने जनपद में जल जीवन मिशन की जानकारी देते हुए बताया कि सभी योजनाओं की टेस्टिंग की जा रही है। इसके अतिरिक्त टैप के माध्यम से जो घरों तक पानी पहुंच रहा है उसके सत्यापन इसके लिए अधिकारियों को भी लगाया गया है। टैब से पानी पहुंचने के सत्यापन पश्चात ही योजनाओं को पूर्ण माना जाएगा। उन्होंने ओलावृष्टि ने संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि अब तक 09 करोड़ 42 लाख की धनराशि किसानों को वितरित की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त आपदा निधि से भी किसानों को धनराशि उपलब्ध कराई गई। उन्होंने गोष्ठी में बीडा के भूमि अधिग्रहण संबंधित जानकारी उपलब्ध दी।
      मंडलीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी में सर्वप्रथम निदेशक कृषि विभाग श्री जितेन्द्र सिंह तोमर ने माननीय मंत्री सहित समस्त उच्च अधिकारियों एवं किसानों का स्वागत करते हुए बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए बनाई गई रणनीति इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मिलेट्स वाले किसानों को ₹ 03 प्रति क्विंटल प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। उन्होंने पीएम प्रणाम योजना की भी जानकारी किसानो को दी गई। इसके अतिरिक्त उन्होंने अधिक पानी वाली फसलों का उत्पादन न करते हुए गौ आधारित खेती करने पर बल दिया।
      गोष्ठी में विशेष रूप से आमंत्रित महोबा, ललितपुर, झांसी, कानपुर, कानपुरदेहात, हमीरपुर, फर्रूखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया, चित्रकूटधाम सहित अन्य जनपदों के किसानों ने भी अपनी समस्याओं को मा0 कृषि मंत्री एंव कृषि उत्पादन आयुक्त के समक्ष रखा।
     मंडली खरीफ उत्पादकता गोष्ठी में विशेष रूप से अध्यक्ष जिला पंचायत श्री पवन कुमार गौतम, मेयर श्री बिहारी लाल आर्य, सदस्य विधान परिषद श्री रामतीर्थ सिंघल, भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री हेमंत परिहार सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
     गोष्ठी में आए समस्त अधिकारियों के प्रति जिलाधिकारी श्री अविनाश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन सुश्री डॉक्टर नीति शास्त्री ने किया। गोष्ठी में संयुक्त कृषि निदेशक श्री एल0 बी0 यादव भी उपस्थित रहे।
       गोष्ठी जनपद झांसी मुख्य विकास अधिकारी श्री जुनैद अहमद  सहित चित्रकूट, महोबा, हमीरपुर बांदा, जालौन, ललितपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, औरैया, कन्नौज, फर्रुखाबाद, इटावा, ललितपुर के मुख्य विकास अधिकारी उपस्थित सहित कृषि विभाग, विद्युत विभाग,  पशुपालन विभाग, सिंचाई विभाग, उद्यान विभाग, को-ऑपरेटिव विभाग के जिला एवं मंडल स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।