*कोंच: मदर्स प्राइड पब्लिक स्कूल का रंगारंग ‘रंग-तरंग’ वार्षिकोत्सव संपन्न*
कोंच। नगर के प्रमुख शिक्षण संस्थान मदर्स प्राइड पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव ‘रंग-तरंग’ मथुरा प्रसाद महाविद्यालय के खेल मैदान में रंगारंग कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक मूलचंद्र सिंह निरंजन ने कहा कि यदि बच्चों को उचित मंच और अवसर मिले तो वे किसी भी क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास में अहम भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला बार संघ महामंत्री साधना त्रिपाठी, पूर्व बार संघ अध्यक्ष विज्ञान विशारद सीरौठिया, अपना दल (एस) युवा मंच के प्रदेश पदाधिकारी ओंकार सिंह ठाकुर और भाजपा नगर अध्यक्ष अंजू अग्रवाल उपस्थित रहे। स्कूल के प्रबंधक आदित्य पांडे, प्रधानाचार्य आनंद पांडे और स्टाफ ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में स्कूल के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से शुरुआत की। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति, बुंदेलखंडी संस्कृति से जुड़े गीत-नृत्य, नाटक द्रोपदी चीरहरण तथा कव्वाली की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रस्तुति देने वाले छात्रों में सिद्धिदात्री निरंजन, पूर्वी त्रिपाठी, वंशिका अग्रवाल, अवनी गुप्ता, श्रेया दीक्षित, संस्कृति पटेल, शुभ निरंजन, शिव राठौर, कन्हैया और अनुराग समेत कई बच्चों ने भाग लिया। अध्यक्षता कर रहे स्कूल के संरक्षक विनोद पांडे ने कहा कि विद्यालय हमेशा बच्चों की छिपी प्रतिभा को सामने लाने के लिए मंच प्रदान करता है और इसके लिए शिक्षक-शिक्षिकाएं बधाई के पात्र हैं। कार्यक्रम का संचालन आदित्य द्विवेदी और दीपक पटेल ने संयुक्त रूप से किया। बच्चों की प्रस्तुतियों की तैयारी में राहुल कश्यप और वंशिका अग्रवाल का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में स्कूल के शिक्षक-कर्मचारियों सहित कई लोगों ने सहयोग किया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सफल आयोजन के लिए स्कूल प्रबंधन की सराहना की।