• Wed. Jul 1st, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

कोंच में नकली माउंटेन ड्यू का बड़ा खेल! एफआईआर के बाद पुलिस का एक्शन, पूरा ट्रक माल सीज

ByNeeraj sahu

Jun 29, 2026

कोंच में नकली माउंटेन ड्यू का बड़ा खेल! एफआईआर के बाद पुलिस का एक्शन, पूरा ट्रक माल सीज

नामी ब्रांडों की नकली कोल्ड ड्रिंक बेचने का आरोप, कॉपीराइट और ट्रेडमार्क उल्लंघन में मुकदमा दर्ज

कोंच (जालौन)। कोंच में नकली माउंटेन ड्यू समेत कई नामी ब्रांडों के शीतल पेय पदार्थों के कारोबार का बड़ा मामला सामने आया है। पेप्सिको इंडिया के अधिकृत प्रतिनिधि की तहरीर पर कोंच पुलिस ने कॉपीराइट एक्ट, ट्रेडमार्क अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि जयदीप सिंह कोचर ने आरोप लगाया है कि बाजार में माउंटेन ड्यू, पेप्सी, 7अप, स्लाइस, मिरिंडा, लहर और ड्यूक जैसे प्रसिद्ध ब्रांडों के नाम और पैकेजिंग का दुरुपयोग कर नकली शीतल पेय तैयार कर बेचे जा रहे हैं। आरोप है कि इन उत्पादों की पैकिंग इस तरह की गई है कि ग्राहक इन्हें असली कंपनी का उत्पाद समझकर खरीद लेते हैं।
बाजार सर्वे में खुला फर्जीवाड़ा
कंपनी के अनुसार नियमित बाजार सर्वेक्षण के दौरान कोंच क्षेत्र में नकली पेय पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिली। जांच में आशंका जताई गई कि कम गुणवत्ता वाले और अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार किए गए उत्पाद बाजार में खपाए जा रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर भी खतरा पैदा हो सकता है।

पहले ट्रक पकड़ा, फिर दर्ज हुई एफआईआर

गौरतलब है कि 24 जून को जवाहर नगर स्थित कंजड़ बाबा के पास संदिग्ध माउंटेन ड्यू से भरा ट्रक पकड़ा गया था। ट्रक का आधा माल एक गोदाम में उतारा जा चुका था, जबकि शेष माल पुलिस ने कब्जे में लेकर मंडी चौकी में खड़ा कराया था।
बालाजी ट्रेडर्स के प्रोपराइटर एवं वरुण बेवरेजेस लिमिटेड के अधिकृत वितरक आशुतोष व्यास उर्फ आशु ने बताया था कि यह खेप उनकी सप्लाई की नहीं थी। संदेह होने पर कंपनी अधिकारियों को सूचना दी गई। जांच में बोतलों पर अंकित बैच नंबर और निर्माण विवरण संदिग्ध पाए गए। कंपनी का दावा है कि बोतलों पर पानीपत प्लांट का विवरण अंकित होने के बावजूद उत्पाद कंपनी द्वारा निर्मित नहीं था और कंपनी के ट्रेडमार्क व पैकेजिंग का गलत इस्तेमाल किया गया।

एफआईआर के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन

एफआईआर दर्ज होने के बाद कोंच कोतवाली पुलिस ने गोदाम में रखा शेष माल भी बरामद कर लिया। पूरे ट्रक की खेप को मंडी चौकी लाकर सीज कर दिया गया है। साथ ही जब्त किए गए शीतल पेय पदार्थों की सैंपलिंग भी कराई गई है ताकि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।

सीओ बोले— जांच के बाद होगी कड़ी कार्रवाई

क्षेत्राधिकारी कोंच परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि कंपनी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।