झांसी कचहरी में खाकी का याराना, सजायाफ्ता कैदी के गले में हाथ डाले घूमते सिपाही और कैदी की रील वायरल
झांसी से पुलिसिंग को शर्मसार करने वाला एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक सजायाफ्ता कैदी को कोर्ट में पेशी पर लाना पुलिस के लिए ड्यूटी नहीं, बल्कि पिकनिक जैसा नजर आया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने झांसी पुलिस के अनुशासन की धज्जियां उड़ा कर रख दी हैं। नवाबाद थाना क्षेत्र स्थित झांसी कचहरी में पेशी पर आए एक सजायाफ्ता कैदी और उसे सुरक्षा देने वाले सिपाही के बीच ऐसी जुगलबंदी दिखी कि देखने वाले दंग रह गए। जानकारी के मुताबिक मंडी चौकी पर तैनात एक सिपाही एक याफ्ता कैदी को पेशी के लिए लेकर कचहरी पहुंचा था। कायदे से सिपाही को कैदी पर सख्त नजर रखनी चाहिए थी, लेकिन यहाँ नजारा फिल्मी था। सिपाही साहब कैदी के गले में हाथ डालकर, मुस्कुराते हुए टहल रहे थे। ऐसा लग रहा था मानो दो पुराने दोस्त अरसे बाद कहीं घूमने निकले हों। वही पीछे चल रहे किसी शख्स ने इस नजारे का वीडियो बना लिया और इसे इंस्टाग्राम पर गाने के साथ रील बनाकर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होते ही विभाग में हड़कंप मच गया। नवाबाद थाना क्षेत्र में आने वाले इस हाई-प्रोफाइल इलाके में खाकी की इस लापरवाही ने पुलिस की छवि को धूमिल कर दिया है। अपराधी के चेहरे पर पुलिस का खौफ होने के बजाय मुस्कान और बेफिक्री थी, जो सीधे तौर पर वर्दी की मर्यादा को चुनौती दे रही है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अब देखना यह होगा कि आला अधिकारी इस यारबाज सिपाही पर क्या कार्रवाई करते हैं।