• Sat. Apr 4th, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत डीएम जालौन का बड़ा एक्शन

ByNeeraj sahu

Apr 4, 2026

शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत डीएम जालौन का बड़ा एक्शन

रूदावली ग्राम पंचायत में अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई, सचिव निलंबित, प्रधान को नोटिस

जालौन। शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत जिलाधिकारी जालौन ने ग्राम पंचायत रूदावली (विकास खंड नदीगांव) में विकास कार्यों में पाई गई गंभीर अनियमितताओं पर कड़ा एक्शन लिया है।
मामले की शुरुआत उस समय हुई जब शिकायतकर्ता भगवान सिंह ने तत्कालीन जिलाधिकारी को लिखित शिकायत देकर विकास कार्यों में गड़बड़ियों की जानकारी दी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए 3 जनवरी 2023 को दो सदस्यीय जांच समिति गठित की गई, जिसमें भूमि संरक्षण अधिकारी और जल निगम के अधिशासी अभियंता को जांच सौंपी गई।
जांच के दौरान यह सामने आया कि इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य में 8 मीटर कम निर्माण कराया गया, जिससे कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर गम्भीर सवाल खड़े हुए। साथ ही वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि होने पर ₹1,25,341 की रिकवरी संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों से करने के निर्देश दिए गए हैं।
जांच में ग्राम पंचायत सचिव रोहित कुमार की भूमिका लापरवाहीपूर्ण पाई गई। उन्होंने न तो आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराए और न ही जांच में सहयोग किया, जिससे मामले में देरी हुई। इस गंभीर लापरवाही पर जिला विकास अधिकारी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
वहीं ग्राम प्रधान जाकिर हुसैन के खिलाफ पंचायत राज अधिनियम की धारा 95-जी के तहत नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनपद में भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितता और कर्तव्यों में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

रविकांत द्विवेदी RK रिपोर्टर, जालौन…🖊️📹
📲9415924024,7007725321

Jhansidarshan.in