उरई में पुलिस आवास में चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
जनपद जालौन के उरई शहर में उस समय हड़कंप मच गया जब कोतवाली क्षेत्र के भीतर स्थित एसएसआई कालपी उदय प्रताप सिंह के सरकारी आवास को चोरों ने निशाना बना लिया। बताया जा रहा है कि चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए घर में रखी नगदी और जेवरात पार कर दिए। घटना की सबसे गंभीर बात यह है कि चोरी की वारदात पुलिस सुरक्षा के दायरे में आने वाले क्षेत्र, यानी कोतवाली परिसर के अंदर ही हुई है। इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। आम जनता के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि जब पुलिसकर्मी खुद सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जा सकती है। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और मौके पर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना का जल्द खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।