आठ लेखपालों पर गिरी प्रशासन की गाज, हुए निलंबितः रिपोर्ट- नेहा वर्मा
ग्रामीण एडिटर धीरेन्द्र रायकवार
हमीरपुर जनपद में हड़ताल पर बैठे लेखपालों पर जिला प्रशासन की सख्ती बढ़ती जा रही है। अभी तक राठ तहसील में लेखपाल संघ के आठ पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। अभी कार्यवाही की गाज और लेखपालों पर गिरने की संभावना है।
अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लेखपाल संघ बीते माह से आन्दोलन कर रहा है। इस माह के पहले सप्ताह में लेखपाल संघ ने कलम बंद हड़ताल की घोषणा कर दी थी। शासन व संघ के पदाधिकारियों के बीच हुई वार्ता बेमतलब साबित हुई जिस पर प्रशासन द्वारा सख्त कार्यवाही की चेतावनी दी गई। प्रशासन की चेतावनी के बावजूद हड़ताल समाप्त कर काम पर वापस नहीं लौटे लेखपालों पर कार्यवाही जारी है। अभी तक लेखपाल संघ के आठ पदाधिकारियों को निलंबित किया जा चुका है। एसडीएम सुरेश कुमार मिश्रा ने बताया कि 16 जुलाई तक आठ लेखपालों को निलंबित कर दिया गया। जिनमें तहसील अध्यक्ष सुरेश यादव, जिला महामंत्री शिवमूरत शुक्ला, तहसील मंत्री शिवकुमार कबीर, कोषाध्यक्ष लक्ष्मीचंद्र, उपाध्यक्ष आरती गुप्ता, उपाध्यक्ष ब्रजेश कुमार, आडीटर लोकेन्द्र कुमार व जिला कोषाध्यक्ष दशरथ सिंह शामिल हैं।