गांव से लौट रही महिला किसान को तमंचे की नोक पर लूटाः रिपोर्ट- नेहा वर्मा
ग्रामीण एडिटर धीरेन्द्र रायकवार
हमीरपुर जनपद के राठ कोतवाली क्षेत्र में दो अराजकतत्वों ने एक महिला से तमंचे की नोक पर लूटपाट की। आरोप है कि महिला का मंगलसूत्र छीनने के साथ ही बलकट के दस हजार रूपये भी लूट लिये। महिला द्वारा चीखपुकार मचाने पर जब आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने ललकारा तो आरोपी भाग खडे़ हुए। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देते हुए कार्यवाही की मांग की।
कोतवाली क्षेत्र के अकौना गांव निवासी किरन बेवा दयाराम नगर के लुधियातपुरा मुहल्ले में रह कर मेहनत मजदूरी करती है। पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उसने अकौना गांव स्थित अपनी खेती गांव के ही सतीश साहू को दस हजार रूपये में बलकट रखी थी। सोमवार को बलकट के पैसे लेने गांव गई। झोले में दस हजार रूपये लेकर धनौरी बस स्टेंड जा रही थी। तभी रास्ते में बगैचा के पास दो व्यक्तियों ने उसे रोक कर उसके सीने में तमंचा अड़ा दिया। उसके झोले में पड़े दस हजार रूपये व गले का मंगलसू़त्र छीन लिया। चीखपुकार सुनकर आसपास खेतों में मौजूद किसानों ने जब ललकारा तो आरोपी वहां से भाग खड़े हुए। पीड़िता ने कोतवाली पहुंच कर तहरीर देते हुए कार्यवाही की मांग की। इस संबध में कोतवाली निरीक्षक के.एन सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर मिली है। बताया कि मामले की जांच की जा रही है।