• Mon. May 25th, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

*जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में तनाव प्रबंधन एवं ट्रॉमा जागरूकता पर विशेष कार्यशाला आयोजित*

ByNeeraj sahu

May 24, 2026
*जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में तनाव प्रबंधन एवं ट्रॉमा जागरूकता पर विशेष कार्यशाला आयोजित*
*अधिकार मित्रों एवं कर्मचारियों को मानसिक स्वास्थ्य, तनाव नियंत्रण और ट्रॉमा से उबरने के उपायों की दी गई जानकारी*
———————-
       आज माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती कमलेश कच्छल के निर्देशन में माननीय सचिव, ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण, झांसी श्रीमती ईशा त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झाँसी एवं जन साहस के संयुक्त तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झाँसी में अधिकार मित्रों एवं कर्मचारियों हेतु एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य विषय तनाव प्रबंधन (Stress Management) एवं ट्रॉमा जागरूकता (Trauma Awareness) रहा, जिसके माध्यम से प्रतिभागियों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
       कार्यक्रम में जन साहस, किशोर न्याय बोर्ड (JJB), वन स्टॉप सेंटर तथा पुलिस प्रशासन से आए अतिथियों ने सहभागिता की। विशेषज्ञों द्वारा तनाव के कारणों, उसके मनोवैज्ञानिक प्रभावों तथा उससे बचाव एवं प्रबंधन के प्रभावी उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। साथ ही प्रतिभागियों को बताया गया कि दैनिक जीवन एवं कार्यक्षेत्र में उत्पन्न होने वाले तनाव को सकारात्मक सोच, संवाद, सामूहिक सहयोग तथा विभिन्न व्यवहारिक गतिविधियों के माध्यम से किस प्रकार नियंत्रित किया जा सकता है।
      कार्यशाला के दौरान ट्रॉमा (मानसिक आघात) के विषय पर भी गहन चर्चा एवं विश्लेषण किया गया। विशेषज्ञों ने समझाया कि हिंसा, उत्पीड़न, दुर्घटना अथवा अन्य प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण व्यक्ति किस प्रकार ट्रॉमा का शिकार हो सकता है तथा ऐसे व्यक्तियों के प्रति संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार अपनाना क्यों आवश्यक है। प्रतिभागियों को ट्रॉमा की पहचान, उसके प्रभावों एवं उससे उबरने के उपायों के संबंध में भी जागरूक किया गया।
       कार्यक्रम में आयोजित सहभागितापूर्ण गतिविधियों एवं समूह चर्चाओं ने प्रतिभागियों को तनाव एवं मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विषयों को बेहतर ढंग से समझने का अवसर प्रदान किया। सभी अधिकार मित्रों ने उत्साहपूर्वक कार्यशाला में प्रतिभाग करते हुए विशेषज्ञों के साथ संवाद स्थापित किया तथा कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया।
       कार्यशाला के सफल आयोजन में जन साहस टीम का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के समन्वय एवं संचालन में मुकेश कुमार (जिला समन्वयक), मुकेश आर्या (केस वर्कर), टिंकू कुमार (केस वर्कर), उर्मिला अहिरवार (फील्ड काउंसलर), नेहा वर्मा (फील्ड काउंसलर), सुशील (जिला समन्वयक, एम.आर.सी.), धर्मेन्द्र परमार (क्लस्टर समन्वयक) तथा उत्कृष्टि कठेरिया (प्रोफेशनल काउंसलर) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी टीम सदस्यों ने समर्पण एवं सक्रिय सहभागिता के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में सराहनीय योगदान दिया।
       जन साहस के प्रतिनिधियों द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। वरिष्ठ सहायक श्री आदिल जाफरी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा मानसिक स्वास्थ्य एवं ट्रॉमा जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
Jhansidarshan.in