• Mon. May 25th, 2026

Jhansi Darshan

No 1 Web Portal in jhansi

झाँसी मंडल ,प्रेस नोट,दिनांक

ByNeeraj sahu

May 24, 2026
झाँसी मंडल के हेतमपुर- धौलपुर खंड में ऑटोमैटिक सिग्नलिंग प्रणाली शुरू — अब यात्रियों को मिलेगा अधिक सुरक्षित व समयबद्ध रेल संचालन का लाभ
आज दिनांक 22.05.2026 को मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के कुशल मार्गदर्शन में झाँसी मंडल ने रेल संरक्षा एवं परिचालन दक्षता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में हेतमपुर- धौलपुर खंड में ऑटोमैटिक सिग्नलिंग प्रणाली शुरू की गई है। इस नई तकनीक से ट्रेनें सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से चलेंगी, जिससे यात्रियों को लाभ मिलेगा।साथ ही इस तकनीक से ट्रेन संचालन के दौरान मानवीय त्रुटियों की संभावना कम हो जाएगी, जिससे यात्रियों की सुरक्षा और अधिक सुनिश्चित हो सकेगी।
इस परियोजना के तहत, जो कठिन भू-भाग में एक बड़ी उपलब्धि है। दो प्रमुख स्टेशनों (हेतमपुर एवं धौलपुर  ) पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली को उन्नत किया गया, जिससे सिग्नल संचालन और अधिक सटीक एवं तेज़ हुआ है। इस खंड में 72 अत्याधुनिक ट्रैक डिटेक्शन उपकरण (MSDAC) लगाए गए हैं, जो ट्रेन की स्थिति का सटीक पता लगाते हैं और सिग्नलिंग को और अधिक भरोसेमंद बनाते हैं।
इसके अतिरिक्त बारह  सिग्नलों को अपग्रेड करके अब उन्हें चार पहलू वाला बनाया गया है, जिससे लोको पायलट को दूर से ही स्पष्ट संकेत मिलते हैं और ट्रेन की गति व नियंत्रण में सुधार होता है।
इस खंड में ऑटोमैटिक सिग्नलिंग का कार्य होने से  दिल्ली- चेन्नई मेन लाइन रूट में झाँसी डिवीज़न के दैलवरा स्टेशन से नई दिल्ली तक अप और डाउन मेनलाइन में ऑटोमैटिक सिग्नलिंग हो गई है ।
झाँसी मंडल द्वारा की गई यह पहल न केवल रेल संरक्षा को सशक्त करती है बल्कि यात्रियों को अधिक समयबद्ध, सुरक्षित और विश्वसनीय यात्रा अनुभव प्रदान करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
इस परियोजना को अपर मंडल रेल प्रबंधक इंफ्रा श्री प्रेम प्रकाश शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक परिचालन श्री नंदीश शुक्ला,  मंडल प्रबंधक परिचाल प्रबंधक श्रीमती उर्वशी  , वरिष्ठ मंडल इंजीनियर ( Co.) श्री आशुतोष चौरसिया , वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार अभियंता (Co) श्री नरेंद्र सिंह , डिप्टी चीफ सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता (प्रोजेक्ट ) श्री मयंक अग्रवाल एवं समस्त डिवीज़न  की टीम के सक्रिय सहयोग से सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
प्रेस विज्ञप्ति-02

दिनांक: 22.05.2026

*मुस्तरा रेलवे स्टेशन पर झांसी मंडल का सघन मजिस्ट्रेट चेकिंग अभियान,
265 अनियमित यात्री पकड़े गए*

मंडल रेल प्रबंधक झांसी श्री अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा के निर्देश में आज मजिस्ट्रेट चेकिंग अभियान का नेतृत्व सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री वीरेंद्र सिंह एवं रेलवे मजिस्ट्रेट श्री प्रतीक त्रिपाठी द्वारा किया गया |

दिनांक 22.05.2026 को झांसी मंडल के मुस्तरा रेलवे स्टेशन पर रेलवे द्वारा सघन मजिस्ट्रेट चेकिंग अभियान चलाया गया।

इस अभियान के दौरान कुल 265 यात्रियों को अनियमित यात्रा करते हुए पकड़ा गया, जिनसे कुल ₹1,56,955 का जुर्माना वसूल किया गया।

चेकिंग के दौरान रेलवे अधिनियम की धारा 137 (बिना टिकट यात्रा) के अंतर्गत 185 यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे ₹1,30,040 की राशि वसूल की गई। वहीं रेलवे अधिनियम की धारा 138 (जनरल टिकट पर स्लीपर अथवा स्लीपर टिकट पर एसी कोच में यात्रा) के अंतर्गत 80 यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे ₹26,915 का जुर्माना वसूला गया।

अभियान के दौरान गाड़ी संख्या 11109 लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस, 22534 यशवंतपुर–गोरखपुर एक्सप्रेस, 64607 वीरांगना लक्ष्मीबाई–कानपुर मेमू, 11079 गोरखपुर एक्सप्रेस एवं 20104 लोकमान्य तिलक टर्मिनस सुपरफास्ट एक्सप्रेस में सघन टिकट जांच की गई। चेकिंग टीम द्वारा ट्रेनों के विभिन्न कोचों में जांच कर बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।

अभियान में मुख्य टिकट निरीक्षक/मुख्यालय श्री एम. एल. मीना, मुख्य टिकट निरीक्षक/स्टेशन श्री अशोक त्रिपाठी, श्री के. पी. आर्मो, श्री वीरेंद्र अहिरवार, श्री नवीन व्यास सहित कुल 41 चेकिंग स्टाफ के कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त रेलवे सुरक्षा बल (RPF) एवं राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के जवानों का भी विशेष सहयोग रहा।

चेकिंग अभियान के दौरान कई यात्री कार्रवाई से बचने हेतु इधर-उधर छिपते हुए भी नजर आए, किन्तु चेकिंग टीम द्वारा सघन जांच करते हुए सभी अनियमित यात्रियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे सदैव उचित एवं वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें तथा रेलवे नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं सुगम यात्रा में सहयोग प्रदान करें।

प्रेस नोट-03
ग्वालियर स्टेशन पर संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित, आपदा प्रबंधन की तैयारियों का किया गया परीक्षण

उत्तर मध्य रेलवे झांसी मंडल द्वारा रेल संरक्षा एवं आपदा प्रबंधन तैयारियों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज दिनांक 22 मई 2026 को ग्वालियर स्टेशन पर एनडीआरएफ टीम एवं विभिन्न एजेंसियों के साथ संयुक्त मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास का उद्देश्य दुर्घटना जैसी आपात परिस्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की दक्षता का परीक्षण करना तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को मजबूत करना रहा।

मॉक ड्रिल से पूर्व दिनांक 21 मई 2026 को ग्वालियर स्टेशन पर टेबल टॉप मीटिंग आयोजित की गई, जिसमें एसडीएम ग्वालियर सिटी श्री प्रदीप शर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक, इन्दरगंज, अवर मुख्य चिकित्सा अधिकारी श्री हिमांशु शर्मा, एसडीआरएफ प्रतिनिधि श्री धर्मेन्द्र वर्मा, उप मुख्य संरक्षा अधिकारी श्री ओ पी सिंह, एडीआरएम /ओपी/झाँसी श्री नन्दीश शुक्ला, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री गिरीश कंचन के अलावा रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारीयों ने भाग लिया। बैठक में संभावित आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की रणनीति, विभागीय समन्वय तथा संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर चर्चा की गई।

मॉक ड्रिल के दौरान ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 01103 डाउन स्पेशल (काल्पनिक) के एक कोच के पटरी से उतरने तथा उसमें धुआँ भरने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई। परिकल्पित घटना में लगभग 60 यात्रियों के प्रभावित होने का अनुमान लगाया गया, जिसमें एक व्यक्ति की मृत्यु, पांच गंभीर रूप से घायल तथा तीन सामान्य रूप से घायल होने की स्थिति दर्शाई गई। इस दौरान राहत एवं बचाव दलों द्वारा यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने, प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने तथा एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजने की प्रक्रिया का सफल अभ्यास किया गया।

इस संयुक्त मॉक ड्रिल में एनडीआरएफ कमांडेंट श्री कुनाल तिवारी के नेतृत्व में टीम के 32 सदस्यों ने भाग लिया।इसके साथ ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों में सीएमपीई/डीजल/मुख्यालय, डिप्टी सीएसओ/मैकेनिकल/मुख्यालय, एडीआरएम/ओपी/झाँसी, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी/झाँसी, सीनियर डीएमई/ओएंडएफ/झाँसी, सीनियर डीएसटीई/को/झाँसी, टीआरडी/कोचिंग, डिप्टी सीई/ग्वालियर और एडीईएन/ग्वालियर सहित कई अधिकारी एवं सुपरवाइजर उपस्थित रहे। रेलवे के विभिन्न विभागों, फायर ब्रिगेड, स्काउट एवं गाइड, सिविल पुलिस, चिकित्सा विभाग, जीआरपी, आरपीएफ सहित विभिन्न एजेंसियों के लगभग 150 प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

अंत में वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी द्वारा मॉक ड्रिल के सफल आयोजन की घोषणा की गई तथा सभी विभागों के समन्वित प्रयासों की सराहना की गई।

Jhansidarshan.in