बुंदेलखंड राज्य को लोकसभा में निजी बिल लाना सकारात्मक संकेत-अजय शर्मा
झांसी। बुंदेलखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव अजय शर्मा ने महोबा के सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल द्वारा लोक-सभा में बुंदेलखंड राज्य निर्माण निजी बिल पेश किए जाने पर बधाई और साधुवाद देते हुए लोकसभा अध्यक्ष द्वारा इसे चर्चा के लिए स्वीकार किए जाने को केंद्र सरकार द्वारा इस सम्बन्ध में बुंदेलखंड राज्य निर्माण पर सकारात्मक संकेत बताते हुए बुंदेलखंड वासियों के लिए शुभ लक्षण माना है।
एक बयान में उन्होंने कहा कि हालांकि चंदेल ने इसे उप्र के विधानसभा चुनाव के बीच लोकसभा पटल पर रखा है जो विधानसभा चुनाव में पार्टी और सरकार के राजनीतिक लाभ लेने की ओर इंगित करता है लेकिन यह तथ्य है कि कोई भी सरकार बगैर राजनीतिक लाभ के बुंदेलखंड राज्य का निर्माण नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा छोटे राज्यों की समर्थक है। 2000 में भाजपानीत एनडीए की केंद्र सरकार ने उत्तराखंड, झारखंड और छत्तीसगढ़ राज्य बनाए थे। पिछले दिनों मीडिया के जरिए उप्र के विभाजन की बात भी जोर-शोर से उठाई गई थी। अब पार्टी और सरकार अपने सांसद द्वारा इस सम्बन्ध में संसद में निजी बिल लाकर इस सम्बन्ध में भविष्य के निर्णयों को ठोक बजा लेना चाहती है।