प्रदेश सरकार की कथनी और करनी एक : एमएलसी रमा निरंजन*
*उज्ज्वला योजना के क्रियान्वयन से मातृशक्ति को हो रहा स्वास्थ्य लाभ*
*उत्तर प्रदेश पहले उत्तम प्रदेश और उत्तम प्रदेश से उत्सव प्रदेश बना : एमएलसी रामतीर्थ सिंघल*
*सरकार ने 09 वर्षों में अभूतपूर्व कार्य करते हुए आमजनमानस के हृदय में धारण किया विश्वास*
*विकास कार्यक्रमों में राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश शासन के विभागों ने प्राप्त किया महत्वपूर्ण स्थान : जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार गौतम*
*प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर 08 दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ दीनदयाल सभागार परिसर में संपन्न*
——————-
झांसी : आज प्रदेश सरकार के *नव निर्माण के नौ वर्ष* पूर्ण होने के अवसर पर विगत नौ वर्षों की अभूतपूर्व उपलब्धियों पर आधारित 08 दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारम्भ मा0 सदस्य विधान परिषद उत्तर प्रदेश श्रीमती रमा निरंजन, सदस्य विधान परिषद उत्तर प्रदेश श्री रामतीर्थ सिंघल एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पवन कुमार गौतम की गरिमामयी उपस्थिति में पं0 दीनदयाल सभागार परिसर, झांसी में किया गया।
इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा केंद्र सरकार एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं पर लगाई गई प्रदर्शनी का गहनतापूर्वक अवलोकन किया गया, इसके साथ ही उन्होंने आमजनमानस से अपील करते हुए कहा कि यह प्रदर्शनी पूर्ण रूप से निःशुल्क है, इस हेतु सभी जनपदवासी प्रदर्शनी का दर्शन कर केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियां की जानकारी प्राप्त करें।
प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर सदस्य विधान परिषद उत्तर प्रदेश श्रीमती रमा निरंजन ने अपने संबोधन में जनपदवासियों को नववर्ष प्रारंभ एवं चैत्र नवरात्रि के शुभारंभ की शुभकामनाएं प्रदान करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की कथनी और करनी एक है। उन्होंने सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान सरकार के नेतृत्व में प्रदेश में एक्सप्रेस-वे के माध्यम से आधुनिक तकनीक से पूर्ण सड़कों का जाल फैलाया जा रहा है, इसी प्रकार उज्ज्वला योजना के क्रियान्वयन के पश्चात हमारी मातृशक्ति को निरंतर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो रहा है तथा मातृशक्ति सुरक्षित किसी भी समय किसी भी स्थान पर निर्भीक होकर आवागमन कर रही है।
प्रदर्शनी शुभारंभ कार्यक्रम में सदस्य विधान परिषद उत्तर प्रदेश श्री रामतीर्थ सिंघल ने अपने सम्बोधन में कहा कि आज से 09 वर्ष पूर्व वर्तमान सरकार को प्रदेश की बागडोर संभालने का अवसर प्राप्त हुआ, वर्तमान सरकार ने इन 09 वर्षों में अभूतपूर्व कार्य करते हुए आमजनमानस के हृदय में एक विश्वास धारण किया है। सरकार ने अभूतपूर्व कार्य करते हुए रोगियों के उपचार के लिए आयुष्मान कार्ड के माध्यम से 50 लाख का बीमा दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन में भी उत्तर प्रदेश राज्य को महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त है। सरकार के सत्ता में आने के पश्चात उत्तर प्रदेश पहले उत्तम प्रदेश और उत्तम प्रदेश से उत्सव प्रदेश बना है, यह सभी प्रदेशवासियों के लिए अत्यधिक गर्व की बात है।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्री पवन कुमार गौतम ने कहा कि विगत नौ वर्षों में प्रदेश ने विभिन्न क्षेत्रों में कई कीर्तिमान स्थापित कर लोकहित में अनेक नवीन जनकल्याण की योजनाएँ, परियोजनाएँ एवं कार्य संचालित किये हैं। विकास के विभिन्न लोककल्याणकारी कार्यक्रमों में राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा देश में महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त किया गया है। इन उपलब्धियों के सम्बन्ध में तथा सरकार द्वारा क्रियान्वित की जा रही योजनाओं के सम्बन्ध में विकास प्रदर्शनी के माध्यम से जनसामान्य को जन जागरूकता प्रदान की जा रही है।
प्रदर्शनी शुभारंभ के अवसर पर जिला विकास अधिकारी श्री सुनील कुमार, सहायक निदेशक सूचना श्री सुरजीत सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी श्री सुरेन्द्र पाल सिंह, मनोनीत पार्षद नगर निगम श्री आदर्श गुप्ता, ओमप्रकाश सहित सूचना कार्यालय के कार्मिक श्री दीनानाथ, श्री आजाद सिंह एवं प्रदर्शनी आयोजक तथा मीडियाबंधु उपस्थित रहे।