रायरू स्टेशन पर झांसी मंडल की सघन मजिस्ट्रेट चेकिंग: 161 अनियमित यात्री पकड़े गए, ₹1,04,232 का जुर्माना वसूला गया
झांसी रेल मंडल द्वारा आज रायरू रेलवे स्टेशन पर बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वालों के विरुद्ध विशेष मजिस्ट्रेट चेकिंग अभियान संचालित किया गया। इस अभियान का नेतृत्व मजिस्ट्रेट श्री अतुल यादव एवं सहायक वाणिज्य प्रबंधक (ACM) श्री अनिल श्रीवास्तव द्वारा किया गया। इस दौरान सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री आर.के वर्मा मंडल मुख्य टिकट निरीक्षक श्री मनोहर लाल मीणा एवं श्री अरुण सचान भी अपनी टीम के साथ सक्रिय रूप से मौजूद रहे।
अभियान के दौरान बिना टिकट एवं अनियमित रूप से यात्रा कर रहे कुल 161 यात्रियों को पकड़ा गया। इन पर कुल ₹1,04,232 का जुर्माना लगाया गया, जिसमें ₹80,395 कोर्ट फाइन तथा ₹23,840 रेल किराये के रूप में मौके पर ही वसूल किए गए।
मजिस्ट्रेट चेकिंग के दौरान ट्रेन संख्या 12715 सचखंड एक्सप्रेस, 12617 मंगला एक्सप्रेस, 18238 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, 12646 मिलेनियम एक्सप्रेस, 11902 आगरा–झांसी एक्सप्रेस एवं 11807 झांसी–आगरा मेमू सहित विभिन्न ट्रेनों में यात्रियों के टिकटों की गहन जांच की गई।
इस अभियान को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने हेतु आरपीएफ एवं जीआरपी के जवान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे। इसके अतिरिक्त लगभग 33 चेकिंग स्टाफ के सदस्यों ने स्टेशन पर सक्रिय रूप से अपनी जिम्मेदारी निभाई।
झांसी रेल मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान वैध टिकट अवश्य रखें, अन्यथा भविष्य में भी इसी प्रकार की कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
मनोज कुमार सिंह
जनसंपर्क अधिकारी
उत्तर मध्य रेलवे, झांसी मंडल