रामनवमी-नवरात्रि व ईद को लेकर पूंछ में पीस कमेटी की बैठक, भाईचारे के साथ त्योहार मनाने का संकल्प
पूंछ (झांसी) — आगामी चैत्र नवरात्रि, रामनवमी एवं ईद पर्वों को लेकर पूंछ थाना परिसर में आयोजित पीस कमेटी की बैठक ने क्षेत्र में एक बार फिर गंगा-जमुनी तहज़ीब और आपसी भाईचारे की मिसाल पेश की। नायब तहसीलदार दीपक कुमार एवं थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में हिंदू-मुस्लिम समाज के लोग, व्यापारी, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, पूर्व प्रधान, वर्तमान प्रधान, सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में आगामी त्योहारों को शांति, सौहार्द और प्रेम के साथ मनाने का संकल्प लिया। नायब तहसीलदार दीपक कुमार ने कहा कि सभी नागरिक शासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करते हुए त्योहारों को मिलजुलकर मनाएं और भाईचारा बनाए रखें। वहीं थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि ईद के अवसर पर पूंछ, महाराजगंज, ढेरी, अमरौख, सेसा व सेरसा में नमाज अदा कराई जाएगी, जबकि रामनवमी पर राम-जानकी मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चैत्र नवरात्रि के दौरान सभी धार्मिक स्थलों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी और किसी भी असामाजिक तत्व द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में लाखन सिंह यादव (प्रधान), गुरदीप सिंह गुर्जर (मंडल अध्यक्ष), दीपक राम तिवारी (किसान मोर्चा महामंत्री), ओमप्रकाश कदेंले, राहुल बनिया, रामराजा राजपूत, नौसे खान, युसूफ खान, इकबाल खान, हाजी शमसुल हसन, जीतू यादव, शेरू खान, नासिर मंसूरी, मोहम्मद अहमद, निरपत राजपूत, रामकुमार यादव दादा (पूर्व प्रधान), अरुण कुमार (प्रधान) सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।